NEET UG 2026 पेपर लीक का मामला पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, NTA को बदलने की मांग, FAIMA ने खटखटाया दरवाजा
NEET UG 2026 Exam: नीट पेपर लीक कांड पर सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर हुई है, जिसमें NTA को बदलने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की गई है।
NEET UG 2026 Paper Leak: नीट यूजी 2026 पेपर लीक का मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच गया है। कोर्ट में दायर याचिका में NTA को बदलने और सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में दोबारा परीक्षा कराने की मांग की गई। कोर्ट में यह याचिका फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया मेडिकल एसोसिएशन (FAIMA) की ओर से दायर की गई।
याचिका में क्या-क्या मांगे की गई?
FAIMA ने याचिका में मांग की कि NTA को बदला या पूरी तरह से पुनर्गठित किया जाए। NEET जैसी परीक्षाओं के लिए अधिक मजबूत, आधुनिक और तकनीकी रूप से सक्षम संस्था बनाई जाए।
FAIMA की याचिका में मांग की गई है कि दोबारा परीक्षा एक उच्च-स्तरीय समिति की निगरानी में हो। इस समिति का नेतृत्व सुप्रीम कोर्ट के किसी रिटायर्ड जज को सौंपा जाए। इसमें साइबर सुरक्षा विशेषज्ञ और फॉरेंसिक वैज्ञानिक भी शामिल किए जाएं। संगठन ने राष्ट्रीय परीक्षा ईमानदारी आयोग (NEIC) के गठन की भी मांग की है। जब तक यह स्थायी आयोग नहीं बन जाता, तब तक एक अंतरिम समिति पूरे परीक्षा आयोजन की निगरानी करें।
‘CBT मोड में आयोजित की जाएं परीक्षा’
याचिका में यह भी कहा गया है कि प्रश्न-पत्रों को “डिजिटल लॉकिंग” प्रणाली के तहत सुरक्षित किया जाए और भविष्य में सभी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) मोड में ही आयोजित की जाएं, ताकि पेपर की ट्रांसपोर्ट और हैंडलिंग के दौरान गड़बड़ी की आशंका खत्म हो सके।
FAIMA ने CBI से चार हफ्तों के अंदर एक विस्तृत स्टेटस रिपोर्ट दाखिल करने की मांग की है, जिसमें जांच की अब तक की प्रगति, हुई गिरफ्तारियों और आरोपियों के खिलाफ की गई कार्रवाई की पूरी जानकारी हो। इसके अलावा पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से NEET-UG 2026 के केंद्र-वार परिणाम सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है। फिलहाल इस याचिका की सुनवाई सुप्रीम कोर्ट में अभी तक सूचीबद्ध नहीं की गई है।
NTA ने मंगलवार (12 मई) को NEET UG 2026 की परीक्षा रद्द करने और एग्जाम दोबारा कराने का ऐलान किया था। 3 मई को परीक्षा हुई थी, जिसमें 22 लाख से ज्यादा स्टूडेंट्स शामिल हुए थे। CBI इसकी जांच कर रही है। मामले में कई गिरफ्तारियां भी हो चुकी हैं।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 13 May 2026 at 12:30 IST