कनॉट प्लेस में शाम 6:30 बजे के बाद बंद हों दुकानें, ऑफिस और रेस्तरां, NDTA ने जारी की अपील; जानिए क्यों
गुरुवार को 'कॉकरोच जनता पार्टी' द्वारा आयोजित बड़े विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। एहतियात के तौर पर कनॉट प्लेस के सभी प्रमुख बाजार, दुकानें, रेस्टोरेंट्स और व्यावसायिक प्रतिष्ठान गुरुवार शाम 6:30 बजे तक पूरी तरह बंद रहेंगे।
- भारत
- 2 min read
राजधानी दिल्ली के कनॉट प्लेस में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के उग्र प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गुरुवार शाम 6:30 बजे तक कनॉट प्लेस के सभी प्रमुख शो-रूम, दफ्तर, रेस्तरां और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को बंद करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं।
NDTA की अपील सुरक्षा को दें प्राथमिकता
न्यू दिल्ली ट्रेडर्स एसोसिएशन ने न्यू दिल्ली म्यूनिसिपल काउंसिल के अधिकारियों के निर्देशों के बाद यह एडवाइजरी जारी की है। एसोसिएशन ने सभी व्यापारियों, दुकानदारों और कर्मचारियों से अपील की है कि वे समय रहते अपने संस्थान बंद कर लें। किसी भी अप्रिय घटना, संपत्ति के नुकसान या जनहानि से बचने के लिए व्यापारी प्रशासन का पूर्ण सहयोग करें और जारी गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करें।
मध्य दिल्ली में पिछले कई दिनों से जारी इस हलचल की मुख्य वजह NEET UG 2026 की परीक्षा है। परीक्षा में हुई कथित पेपर लीक धांधली को लेकर छात्र और सीजेपी के कार्यकर्ता सड़कों पर हैं। केंद्र सरकार द्वारा फास्ट-ट्रैक कोर्ट के गठन के आश्वासन के बावजूद प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।प्रधानमंत्री की घोषणा के बाद भी सीजेपी नेताओं ने सरकार के साथ बातचीत के प्रस्ताव को ठुकरा दिया है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
जंतर-मंतर और टॉलस्टॉय मार्ग पर लगातार बढ़ते तनाव के चलते पूरे इलाके को छावनी में बदल दिया गया है। भारी संख्या में सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। कनॉट प्लेस दिल्ली का सबसे बड़ा व्यापारिक केंद्र है, इसलिए किसी भी संभावित तोड़फोड़ से बचाव के लिए यह एहतियाती कदम उठाना बेहद जरूरी हो गया था।
आम जनता और नौकरीपेशा लोगों के लिए सलाह
प्रशासन पूरी स्थिति पर चौबीसों घंटे पैनी नजर बनाए हुए है। कनॉट प्लेस में काम करने वाले कर्मचारियों और आम खरीदारों को सलाह दी जाती है कि वे शाम 6:30 बजे से पहले अपने सभी जरूरी काम निपटाकर क्षेत्र से निकल जाएं, ताकि किसी भी ट्रैफिक जाम या अव्यवस्था से बचा जा सके।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 23 July 2026 at 17:13 IST