सांसद सुप्रिया सुले की गाड़ी का एक्सीडेंट, तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी में मारी जोरदार टक्कर; NCP बोली- यह एक बड़ी साजिश
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले की कार उस वक्त सड़क हादसे का शिकार हो गई जब एक दूसरी गाड़ी ने उनकी कार को साइड से टक्कर मार दी। हालांकि, राहत की बात ये रही कि सुले और उनके साथ मौजूद सभी लोगों को किसी तरह की हानि नहीं पहुंची।
Supriya Sule: बारामती लोकसभा क्षेत्र की सांसद सुप्रिया सुले की कार एक हादसे का शिकार हो गई। गनीमत रही कि उनके साथ कोई अनहोनी नहीं हुई। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिये खुद इस बात की जानकारी देते हुए 'बुरा अनुभव' बताया। इसके साथ ही उन्होंने अपनी कार को टक्कर मारने वाली गाड़ी का नंबर प्लेट भी शेयर किया।
जानकारी के मुताबिक, सुप्रिया सुले पुणे से मुंबई जा रही थीं, तभी वो बड़ी दुर्घटना का शिकार होते हुए बाल-बाल बची। घटना के बाद कार में सभी सवार लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हाईवे पर बहुत बुरा अनुभव- सुप्रिया सुले
महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार गुट) की सांसद सुप्रिया सुले ने ट्वीट कर लिखा, 'आज पुणे से मुंबई जाते समय हाईवे पर बहुत बुरा अनुभव हुआ जब गाड़ी GJ13CF5257 ने लापरवाही से गाड़ी चलाने की वजह से मेरी कार को साइड से टक्कर मार दी। शुक्र है, सभी सुरक्षित हैं।'
'जान खतरे में डाल सकती है ओवरस्पीडिंग'
उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की घटनाएं हमें याद दिलाती हैं कि हमारी सड़कों पर ओवरस्पीडिंग और लापरवाही अनगिनत जानें खतरे में डाल सकती है।'
सुप्रिया सुले ने जनता से की ये अपील
इसके साथ ही उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि मैं सभी से सीट बेल्ट पहनने, अलर्ट रहने और जिम्मेदारी से गाड़ी चलाने की रिक्वेस्ट करती हूं ताकि हमारे हाईवे सभी के लिए सुरक्षित रहें।
NCP ने लगाया साजिश का आरोप
वहीं एनसीपी (एसपी) के प्रवक्ता सुनील माने ने इस दुर्घटना के पीछे साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि यह हमला करने की एक संभावित साजिश हो सकती है। इसके साथ ही उन्होंने इस घटना की तुलना महाराष्ट्र के तत्कालीन उपमुख्यमंत्री अजित पवार के विमान दुर्घटना से की। उनका कहना है कि सुले एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय नेता हैं।
मामले में की निष्पक्ष जांच की मांग
साथ ही टक्कर मारने वाली कार को गुजरात का बताया। एनसीपी प्रवक्ता ने इस मामले में निष्पक्ष जांच की मांग की है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 10 May 2026 at 06:47 IST