Navi Mumbai: कलंबोली में ऑयल पेंट के गोदाम में भीषण आग, तेल के बैरल जलकर खाक; धुएं का गुबार देख फैली दहशत

नवी मुंबई के लोखंड अकोला बाजार परिसर में एक ऑयल पेंट के गोदाम में आग लगने से इलाके में दहशत फैल गई है। इस आग में रंग के डिब्बे और तेल के बैरल जलकर खाक हो गए।

 
Follow :

Navi Mumbai: नवी मुंबई के पनवेल तालुका स्थित कलंबोली के लोखंड अकोला बाजार परिसर में एक ऑयल पेंट के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और आसमान में काले धुएं का घना गुबार छा गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया।

जानकारी के मुताबिक, यह हादसा 14 नवंबर की रात करीब 11 बजे गोदाम नंबर 335 में हुआ। गोदाम के अंदर ऑयल पेंट और रंगों का भारी स्टॉक जमा था। इसकी वजह से आग ने कुछ ही देर में बेहद विकराल रूप धारण कर लिया और तेजी से फैलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गोदाम में रखे रंगों के डिब्बे और तेल के बैरल पूरी तरह जलकर खाक हो गए।

दमकल विभाग मौके पर पहुंचा

घटना की सूचना मिलते ही पनवेल महानगरपालिका का दमकल विभाग तुरंत हरकत में आया और मौके पर पहुंचा। आग की गंभीरता को देखते हुए उस पर काबू पाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियों को तैनात किया गया।

आग पर काबू पाने का प्रयास देर रात तक जारी

दमकलकर्मियों की टीम ने आग को बुझाने की लगातार कोशिश की। बताया जा रहा है कि आग पर काबू पाने का प्रयास देर रात तक जारी रहा।

अग्निकांड में कितना हुआ नुकसान?

फिलहाल इस बात का पता नहीं चल पाया है कि गोदाम में यह आग किन कारणों से लगी। इसके अलावा इस अग्निकांड में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है या कोई जनहानि हुई है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: CM धामी के जाते ही मंच पर मचा बवाल, कांग्रेस विधायक हरीश धामी ने फेंका माइक-तोड़ी कुर्सियां; हंगामे का VIDEO वायरल
 

 

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 15 November 2026 at 09:11 IST