जम्मू कश्मीर में सत्ता में आने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस अफस्पा हटाने को प्राथमिकता देगी : उमर अब्दुल्ला
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह जम्मू कश्मीर से ‘अफस्पा’ हटाने को प्राथमिकता देगी
- भारत
- 2 min read
नेशनल कॉन्फ्रेंस के उपाध्यक्ष उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि यदि उनकी पार्टी सत्ता में आती है तो वह जम्मू कश्मीर से ‘अफस्पा’ हटाने को प्राथमिकता देगी और कश्मीरी युवाओं के साथ हो रहे ‘‘उत्पीड़न’’ को समाप्त करेगी।
अब्दुल्ला ने 2012 में तत्कालीन जम्मू कश्मीर राज्य के मुख्यमंत्री रहते हुए विवादास्पद सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) को हटाने की वकालत की थी। उन्होंने यहां तक घोषणा की थी कि उनके कार्यकाल के दौरान अफस्पा को हटा दिया गया होता, लेकिन इस प्रस्ताव को सेना की ओर से कड़े विरोध का सामना करना पड़ा।
अब्दुल्ला ने प्रमुख राजनीतिक कार्यकर्ताओं का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा, ‘‘पार्टी (नेशनल कॉन्फ्रेंस) अपने घोषणापत्र में किए गए वादों को पूरा करने के प्रति अपनी अटूट प्रतिबद्धता दोहराती है। सत्ता में आने पर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार अफस्पा को हटाने को प्राथमिकता देगी, जिससे हमारे युवाओं के साथ हो रहे उत्पीड़न पर रोक लगेगी।’’
पार्टी के घोषणापत्र के महत्व पर प्रकाश डालते हुए अब्दुल्ला ने कहा कि यह वास्तव में जम्मू-कश्मीर के लोगों की आकांक्षाओं को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा, ‘‘यही कारण है कि भाजपा ने इसे अस्वीकार कर दिया।’’ अब्दुल्ला ने आगाह किया कि ‘‘नेशनल कॉन्फ्रेंस और उसके सहयोगियों के अलावा अन्य दलों के पक्ष में डाला गया प्रत्येक वोट भाजपा को ही मजबूत करेगा, चाहे कोई भी पार्टी चुनी जाए।’’
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 31 August 2024 at 23:11 IST