अपडेटेड 9 June 2024 at 09:53 IST
Modi 3.0: आ गई लिस्ट, जान लीजिए नरेंद्र मोदी के साथ कौन-कौन लेगा शपथ... JDU-TDP कोटे से किसका नाम?
नरेंद्र मोदी आज शाम 7:15 बजे लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। मोदी के साथ-साथ उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य भी शपथ लेंगे।
Narendra Modi Cabinet 3.0: 21वीं सदी के हिंदुस्तान में इतिहास रचा जाने वाला है। लोकसभा चुनाव में NDA की जीत के बाद नरेंद्र मोदी देश के 15वें प्रधानमंत्री के रूप में आज शाम 7 बजे राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ लेंगे। नरेंद्र मोदी का ये शपथग्रहण बेहद खास है, क्योंकि देश में 62 साल बाद कोई शख्स लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेगा। जवाहर लाल नेहरू के बाद नरेंद्र मोदी लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने वाले पहले नेता बनने जा रहे हैं।
राष्ट्रीय भवन में शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। कुछ विदेशी मेहमान आ चुके हैं और कुछ मेहमानों का आगमन समारोह शुरू होने के कुछ घंटे पहले तक हो जाएगा। शाम के समारोह से पहले दिल्ली में प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार की तस्वीर वाले पोस्टर लगा दिए गए हैं। मोदी आज शाम 7:15 बजे लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। नरेंद्र मोदी के साथ-साथ उनके मंत्रिपरिषद के सदस्य भी उसी दिन शपथ लेंगे। मंत्रियों के संभावित नामों की एक लिस्ट भी सामने आ चुकी है।
संभावित मंत्रियों के नाम
भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ा दल है, लिहाजा सबसे ज्यादा मंत्री बीजेपी के कोटे से होंगे। संभावित नामों में राजनाथ सिंह, प्रह्लाद जोशी, अमित शाह, नितिन गडकरी शामिल हैं, जो नरेंद्र मोदी के बाद शपथ ले सकते हैं।
NDA के अन्य दलों के कोटे से भी मंत्री बनाए जा सकते हैं। इन संभावित नामों में HAM पार्टी के जीतनराम मांझी, राष्ट्रीय लोकदल के जयंत चौधरी और अपना दल (सोनेलाल) कोटे से अनुप्रिया पटेल को मंत्री बनाया जा सकता है। जदयू कोटे से ललन सिंह और रामनाथ ठाकुर, एलजेपी (रामविलास) कोटे से चिराग पासवान को केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। टीडीपी कोटे से राममोहन नायडू और पेम्मासानी चंद्रशेखर का नाम आया है। ये सभी संभावित नाम हैं, जो नरेंद्र मोदी के बाद शपथ ले सकते हैं। पुष्टि तो नहीं है, लेकिन सूत्र कहते हैं कि जयंत चौधरी, चिराग पासवान, जीतन राम मांझी समेत कई नेताओं को मंत्री पद के लिए फोन भी आ चुका है।
NDA को लगातार तीसरी बार बहुमत मिला
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन को 543 लोकसभा सीटों में से 292 सीटें हासिल हुई है। अकेले बीजेपी ने 240 सीटें जीती हैं। इस चुनाव में कांग्रेस लगातार तीसरी बार भी 100 का आंकड़ा पार नहीं कर पाई है। कांग्रेस ने 2024 में 99 सीटें ही जीती हैं। हालांकि विपक्ष का INDI गठबंधन का प्रदर्शन काफी बेहतर रहा है। 543 सीटों में से INDI गठबंधन ने तकरीबन 234 पर कब्जा किया है। कांग्रेस के अलावा इसमें समाजवादी पार्टी की 37 सीटें, तृणमूल कांग्रेस को 29 सीटें और डीएमके 22 सीटें भी शामिल हैं।
Published By : Amit Bajpayee
पब्लिश्ड 9 June 2024 at 09:14 IST