PM मोदी के जन्मदिन पर शुभकामनाओं का सैलाब, अमित शाह, राजनाथ और योगी समेत तमाम नेताओं ने दी बधाई; किसने क्या कहा?
Modi@76: पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर देशभर में बधाइयों का तांता लगा हुआ है। अमित शाह, सीएम योगी समेत तमाम नेताओं ने प्रधानमंत्री को शुभकामनाएं दी हैं।
- भारत
- 5 min read
PM Modi Birthday: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर सुबह से ही देश के बड़े नेताओं की ओर से बधाई संदेशों का तांता लगा हुआ है। गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत देश के कई शीर्ष राजनेताओं ने सोशल मीडिया के जरिये पीएम को शुभकामनाएं दी हैं और उनके दीर्घायु होने की कामना की है।
गृहमंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, 'अथक परिश्रम, त्याग और दूरदर्शिता के प्रतीक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं। कर्म को साधना और राष्ट्रसेवा को जीवन का ध्येय बनाकर चलने वाले मोदी जी का जीवन तप, त्याग और अटूट संकल्प की गाथा है। सेवा और समर्पण से भरी उनकी यात्रा करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा है। ईश्वर से प्रार्थना है कि वे दीर्घायु और स्वस्थ रहें और उनके नेतृत्व में देश प्रगति की नई ऊंचाइयां प्राप्त कर 2047 में विकसित भारत के लक्ष्य को सिद्ध करने की दिशा में आगे बढ़ता रहे।'
अमित शाह ने पीएम मोदी को दी बधाई
उन्होंने लिखा, 'एक सामान्य स्वयंसेवक से मुख्यमंत्री और फिर देश के प्रधानमंत्री तक मोदी जी की यात्रा इस बात का प्रमाण है कि जब जीवन का लक्ष्य राष्ट्रसेवा हो, तो कठिन से कठिन संकल्प भी सिद्ध किए जा सकते हैं। उन्होंने सत्ता को साध्य नहीं, बल्कि गरीब कल्याण और राष्ट्र निर्माण का साधन मान कर कार्य किया। मेरे जैसे कार्यकर्ता सौभाग्यशाली हैं, जिन्हें उनकी हर भूमिका में उनके साथ काम करने का अवसर मिला।'
PM के नेतृत्व में देश की विरासत को पहचान मिली- राजनाथ
वहीं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को जन्मदिन की बधाई देते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं। मोदी जी के नेतृत्व में भारत ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य की ओर पूरे आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। आधारभूत संरचना से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक, गरीब कल्याण से लेकर नवाचार और उद्यमिता तक, हमने हर क्षेत्र में ऐतिहासिक और उल्लेखनीय प्रगति की है। आज नागरिकों का जीवन अधिक सुगम हुआ है, अवसरों का विस्तार हुआ है और प्रत्येक नागरिक के लिए गरिमापूर्ण जीवन सुनिश्चित करने के लिए कार्य किया जा रहा है। मोदी जी ने सुशासन और जनसेवा को देश की विकास यात्रा के केंद्र में रखते हुए प्रशासन को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और नागरिक-केंद्रित बनाया है। उनके नेतृत्व में भारत की सांस्कृतिक चेतना और विरासत को वैश्विक मंच पर नई पहचान और प्रतिष्ठा मिली है। मैं उनके उत्तम स्वास्थ्य एवं दीर्घायु होने की महादेव से कामना करता हूं।'
पीएम का जीवन विकसित भारत का प्रेरणास्रोत- योगी
यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पीएम मोदी की वीडियो शेयर करते हुए कहा, '145 करोड़ भारतीयों के जीवन में सुख, समृद्धि, सुरक्षा एवं स्वाभिमान का नवप्रभात लाने हेतु अविराम राष्ट्रयज्ञ में समर्पित, विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय राजनेता, 'एक भारत-श्रेष्ठ भारत' के स्वप्नद्रष्टा, 'नए भारत के शिल्पी' और हमारे मार्गदर्शक आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। ‘Nation First’ के पावन संकल्प, कर्मनिष्ठा एवं लोक-कल्याण के प्रति आपका समर्पित जीवन 'विकसित भारत' के ध्येय को साकार करने का प्रेरणास्रोत है। आपके नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भरता, सुशासन, सांस्कृतिक पुनर्जागरण तथा वैश्विक प्रतिष्ठा के नवीन कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि आपको उत्तम स्वास्थ्य एवं सुदीर्घ व यशस्वी जीवन प्रदान करें।'
नीतीश कुमार ने की दीर्घायु की कामना
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और जनता दल यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार ने एक्स पर लिखा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। उनके स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना है।'
पीएम मोदी के जन्मदिन पर देशभर में कई कार्यक्रम
बता दें कि पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर आज देशभर में दिनभर कार्यक्रम आयोजित होंगे। राजधानी दिल्ली में प्रधानमंत्री खुद सेमीकॉन इंडिया 2026 का उद्घाटन करेंगे। वाराणसी और गुजरात के वडनगर से एक साथ बाइक यात्रा निकाली जाएगी, जिसे अमित शाह, राजनाथ सिंह और सीएम योगी हरी झंडी दिखाएंगे। रक्तदान शिविर और दीये जलाने के कार्यक्रम भी रखे गए हैं। इसके अलावा गुजरात में 88 लाख दीये जलाए जाएंगे।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 September 2026 at 08:21 IST