नड्डा ने दिल्ली भाजपा की चुनाव तैयारियों की समीक्षा की, नेताओं से नए लोगों से मिलने के लिए कहा
जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यालय में आयोजित चुनाव समन्वय समिति की बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित किया और मार्गदर्शन दिया।
- भारत
- 1 min read
Delhi assembly elections: भारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा की और पार्टी नेताओं से बेहतर चुनावी प्रभाव के लिए विभिन्न सामाजिक वर्गों और क्षेत्रों के नए समूहों तक पहुंचने के लिए कहा।
नड्डा ने भाजपा की दिल्ली इकाई के कार्यालय का दौरा किया और विभिन्न चुनाव समितियों, राज्य पदाधिकारियों और आनुषांगिक संगठनों के प्रभारियों और सदस्यों के साथ बैठक में चार घंटे से अधिक समय बिताया। उन्होंने पांच फरवरी को 70 सदस्यीय दिल्ली विधानसभा के लिए होने वाले चुनाव की तैयारियों की समीक्षा की।
दिल्ली भाजपा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि नड्डा ने पार्टी कार्यालय में आयोजित चुनाव समन्वय समिति की बैठक में पार्टी नेताओं को संबोधित किया और मार्गदर्शन दिया।
दिल्ली भाजपा के एक वरिष्ठ पदाधिकारी ने कहा, ‘‘भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी इकाई के संपर्क कार्यक्रमों और अभियानों को नए लोगों से मिलने और उन्हें बेहतर चुनावी नतीजों के लिए भाजपा का समर्थन करने के लिए मनाने पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि पार्टी का समर्थन करने वाले लोगों के एक ही समूह के साथ बातचीत करने से कोई लाभ नहीं होता है।’’
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 9 January 2025 at 23:25 IST