Mumbai Rain: सड़कें बनी सैलाब, लोकल ट्रेन से लेकर हवाई सेवाओं पर असर, स्कूल-कॉलेज भी बंद... भारी बारिश ने रोकी मायानगरी की रफ्तार
Mumbai Rain: लगातार हो रही बारिश से मुंबई की रफ्तार थम गई है। लोकल ट्रेनें डूब गईं, सड़कें दरिया बन गईं हैं। केवल 24 घंटे के अंदर मुंबई में 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। अभी मुंबई में राहत के आसार नजर नहीं आ रहे। मौसम विभाग ने भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।
Mumbai Rain: देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आफत भरी बारिश थमने का नाम नहीं ले रही। मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिलों में पिछले 3 दिनों से लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिसकी वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बने हुए है। सड़कें पानी में डूब गई। स्कूल-कॉलेज बंद है। हवाई सेवाओं से लेकर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेनों पर भी इसका असर पड़ा है। अभी राहत के आसार भी नजर नहीं आ रहे।
IMD ने मुंबई समेत आसपास के इलाकों में तेज बारिश का रेड अलर्ट जारी किया। इसको देखते हुए CM देवेंद्र फडणवीस ने अगले कुछ घंटे महाराष्ट्र के लिए महत्वपूर्ण बताए हैं।
बारिश से मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक
लगातार हो रही बारिश से मुंबई की रफ्तार थम गई है। लोकल ट्रेनें डूब गईं, सड़कें दरिया बन गईं हैं। केवल 24 घंटे के अंदर मुंबई में 300 मिमी तक बारिश दर्ज की गई है। निचले इलाक पानी में डूब गई है। वहीं, मिटी नदी खतरे के निशान पर पहुंच गई। इस बीच 400 लोगों को बचाकर सुरक्षित जगहों पर ले जाना पड़ा।
लोकल ट्रेनों, हवाई सेवाओं पर भी असर
लोकल ट्रेन पर भी इसका असर पड़ा है। सेंट्रल रेलवे के अधिकारी ने बताया कि मुंबई में जो हालात बने हैं उसकी वजह से 36 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। 14 लंबी दूरी की ट्रेनें कैंसिल हुई। इसके अलावा 16 ट्रेनों का समय भी बदला गया है। वहीं, कई फ्लाइट्स भी देरी से चल रही हैं। इस बीच इंडिगो ने एक एडवाइजरी जारी कर यात्रियों को घर से निकलने से पहले फ्लाइट का शेड्यूल चेक करने की सलाह दी है।
5 दिन में 21 लोगों की मौत
महाराष्ट्र में ये बारिश जानलेवा भी साबित हुई। 5 दिनों में राज्य में बारिश से जुड़ी घटनाओं की वजह से अलग-अलग हादसों में 21 लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। महाराष्ट्र आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, राज्य में पिछले 24 घंटों में बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में 6 लोगों की मौत हो गई है।नांदेड़ जिले में बाढ़ जैसी स्थिति के कारण 5 लोग लापता बताए जा रहे हैं। NDRF की कुल 18 टीमें राज्य के विभिन्न हिस्सों में तैनात हैं। साथ ही SDRF की 6 टीमें को भी तैनात किया गया। वहीं, SDRF ने नांदेड़ जिले के मुखेड़ तालुका में 293 लोगों को बचाया है।
मोनोरेल में अटकी कई सांसें
भारी बारिश का असर मोनोरेल सर्विस पर भी पड़ा। मंगलवार (19 अगस्त) शाम को भारी बारिश के बीच एक मोनोरेल ट्रेन खराब होने से यात्रियों की जान पर बन आई। मैसूर कॉलोनी स्टेशन के पास बिजली आपूर्ति में समस्या के कारण मोनोरेल ऊंचे ट्रैक पर अटक गई। कई यात्रियों को विंडो तोड़कर क्रेन की मदद से निकाला गया। मोनोरेल में सवार यात्रियों ने बताया कि ट्रेन के रुकने के बाद AC बंद हो गया, जिससे ट्रेन के अंदर घुटन पैदा हो गई।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 20 August 2025 at 07:10 IST