अपडेटेड 27 January 2025 at 22:32 IST
सैफ हमला मामले में मुंबई की पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल में महिला से पूछताछ की
मुंबई की एक पुलिस टीम ने अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के संबंध में सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक महिला से पूछताछ की। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र के मुताबिक जांच में पता चला है कि हमले के लिए मुंबई में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम महिला क
मुंबई की एक पुलिस टीम ने अभिनेता सैफ अली खान पर हमले के संबंध में सोमवार को पश्चिम बंगाल के नदिया जिले में एक महिला से पूछताछ की। एक सूत्र ने यह जानकारी दी। सूत्र के मुताबिक जांच में पता चला है कि हमले के लिए मुंबई में पूर्व में गिरफ्तार किए गए बांग्लादेशी नागरिक द्वारा इस्तेमाल किया गया सिम महिला के नाम पर पंजीकृत था।
हालांकि, महिला ने दावा किया कि उसने कुछ साल पहले उक्त सिम वाला मोबाइल फोन खो दिया था। मुंबई पुलिस की दो सदस्यीय टीम रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंची। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने शुरू में बताया था कि महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, बाद में उन्होंने बताया कि इस मामले में पश्चिम बंगाल से किसी को नहीं पकड़ा गया है।
पश्चिम बंगाल पुलिस के अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सैफ अली पर हमला मामले में मुंबई से आए पुलिस अधिकारियों ने नदिया जिले के छपरा में एक महिला से पूछताछ की। महिला ने कहा कि वह आरोपी शरीफुल को नहीं जानती।’’ उन्होंने बताया, ‘‘महिला ने दावा किया कि कुछ साल पहले जब वह कोलकाता में थी तो उसका मोबाइल फोन खो गया था। जांच अधिकारी यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि आरोपी ने महिला के नाम पर पंजीकृत सिम कैसे हासिल किया।’’
महिला का नाम खुखुमोनी जहांगीर शेख है। अधिकारी ने बताया कि महिला पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के अंदुलिया की रहने वाली है। मुंबई में सैफ के बांद्रा स्थित उनके घर पर हमलावर ने 16 जनवरी को उन पर चाकू से छह बार वार किया था। सैफ को लीलावती अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उन्हें 21 जनवरी को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 27 January 2025 at 22:32 IST