अपडेटेड 27 May 2025 at 11:45 IST
मॉनसून की पहली बारिश में थमी मुंबई की रफ्तार, सड़कों पर जलभराव, लोकल ट्रेन और हवाई सेवाओं पर असर; रेड अलर्ट जारी
महाराष्ट्र में मानसून ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ते हुए तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। बारिश ने मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया।
महाराष्ट्र में मानसून ने इस बार रिकॉर्ड तोड़ते हुए तय समय से पहले ही दस्तक दे दी है। बारिश ने मुंबई की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। एयरपोर्ट से लेकर मेट्रो, लोकल ट्रेन और सड़कों तक, हर जगह जलभराव और यातायात बाधित है।
सोमवार (26 मई) को कई फ्लाइट्स में देरी और केंसिल तक करना पड़ा, सांताक्रूज़, कोलाबा, जेजे फ्लाईओवर और नवी मुंबई में इतना पानी भर गया कि मेट्रो सेवाएं तक बाधित हो गई, मेट्रो 3 (एक्वा लाइन) पर सेवाएं प्रभावित रही, अत्रे स्टेशन पर भी पानी भर गया। इसके अलावा कई लोकल ट्रेनें अपने निर्धारित समय से पीछे चलीं। लेकिन जानते है आज लोकल ट्रेनें टाइमटेबल से चलेगी या इसमें कोई बदलाव किया गया है।
लोकल ट्रेन पर डिपेंड रहते हैं लाखों यात्री
मुंबई की जीवनरेखा मानी जाने वाली लोकल ट्रेन की तीन प्रमुख लाइनें—पश्चिम रेलवे, सेंट्रल रेलवे और हार्बर लाइन—सामान्यत: लाखों यात्रियों को रोज़ाना मंज़िल तक पहुंचाती हैं। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, 27 मई 2025 को किसी भी रूट पर मेगा ब्लॉक या पॉवर ब्लॉक की घोषणा नहीं हुई है। सभी लोकल ट्रेनें सामान्य समय पर चलने की संभावना है। हालांकि देर रात की कुछ ट्रेनें, कल्याण-सीएसएमटी फास्ट रूट, 4 से 6 मिनट की देरी से चल रही हैं।
बारिश का असर: कहां-कहां ट्रेनें लेट?
डाडर रोड से CSMT लाइन तक जलभराव के कारण कुछ ट्रेनें देरी से चल रही है।
स्लो और फास्ट लोकल ट्रेनों में भी कुछ रूटों पर 4-6 मिनट की देरी
यात्रियों की भारी भीड़, देरी के कारण स्टेशनों पर अफरा-तफरी
यात्रियों के लिए जरूरी सलाह
रेलवे ने यात्रियों को खराब मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और यात्रा से पहले लोकल ट्रेन अपडेट चेक करने की सलाह दी है। रेलवे अधिकारियों ने कहा- 'स्थिति सामान्य है, लेकिन बारिश के कारण कुछ ट्रेनें लेट हो सकती हैं। मोबाइल ऐप या रेलवे हेल्पलाइन से जानकारी लेकर ही यात्रा करें।' बतादें भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 35 वर्षों में पहली बार मानसून ने इतनी जल्दी महाराष्ट्र में दस्तक दी है।
मेट्रो सेवाएं भी प्रभावित
मुंबई मेट्रो की एक्वा लाइन (मेट्रो 3) पर वर्ली के आचार्य अत्रे स्टेशन में जलभराव के चलते सेवाएं घंटों बाधित रहीं। यात्रियों को वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ा।
अपडेट रहें, यात्रा सोच-समझकर करें
बारिश के कारण अस्थायी देरी तो है लेकिन टाइमटेबल में किसी स्थायी बदलाव की घोषणा नहीं की गई है।
- यात्रा से पहले निम्न स्रोतों से जानकारी अवश्य लें
- मुंबई लोकल का आधिकारिक मोबाइल ऐप
- रेलवे हेल्पलाइन नंबर
- लोकल स्टेशन के नोटिस बोर्ड
- भरोसेमंद मीडिया रिपोर्ट्स
यात्रियों को दी जा रही सलाह
मुंबई की बारिश ने एक बार फिर यह दिखा दिया कि जब कुदरत रुकती है, तो ‘भागती मुंबई’ भी थम जाती है। हालांकि रेलवे प्रशासन ने स्थिति को नियंत्रित रखने की पूरी कोशिश की है और अधिकांश ट्रेनें अपने समय पर ही चल रही हैं। यात्रियों को सलाह है कि समय से पहले स्टेशन पहुंचें, मौसम अपडेट चेक करें और धैर्य बनाए रखें।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 27 May 2025 at 11:39 IST