Mumbai Landslide: भारी बारिश के बीच घाटकोपर में बड़ा हादसा, चॉल के मकानों पर गिरा पहाड़ी का हिस्सा, 2 की मौत; मलबे में कई लोग दबे
घाटकोपर-कुर्ला इलाके में हुए भुस्खलन में दो लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मलबे में अब भी 6-8 लोगों के दबे होने की आशंका है। युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
- भारत
- 3 min read
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में बीती रात हुई भारी बारिश के कारण घाटकोपर-कुर्ला इलाके में बड़ा भूस्खलन हो गया। इस हादसे में अब तक दो लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं, जबकि कई अन्य लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है। गौसिया चॉल इलाके में पहाड़ी का एक बड़ा हिस्सा कई मकानों पर गिर गया। बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
हादसा ऐसे समय में हुआ जब लोग गहरी नींद में सो रहे थे। लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। बुधवार तड़के करीब 3:00 बजे से 3:48 बजे के बीच ये घटना हुई। रात के अंधेरे और तेज बारिश के कारण लोग समय रहते संभल नहीं पाए, जिससे कई मकान मलबे की चपेट में आ गए। बीएमसी, पुलिस और एनडीआरएफ की टीम का बचाव और राहत कार्य जारी है।
चॉल के कई मकानों पर गिरा पहाड़ी का हिस्सा
DCP गणेश शिंदे ने कहा,"बारिश के चलते घाटकोपर पुलिस थाने के अशोक क्षेत्र में भूस्खलन हुआ है। दो लाशे अभी तक बरामद हुई है और बाकि टीमें बचाव अभियान का काम कर रही हैं। यहां पर पुलिस की टीम और बाकि सारे बचाव अभियान में जो टीमें होने चाहिए वो तैनात हैं BMC अधिकारी, NDRF और भी अधिकारी तैनात हैं। करीब देर रात 3 बजे की घटना है और बारिश के चलते ये घटना हुई है। 4-5 लोगों के फंसे होने की आशंका है।"
6-8 लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका
वहीं, BMC की ओर से बताया गया कि मलबे में 6-8 लोगों के फंसे होने की आशंका है। बचाव अभियान चल रहा है। MFB, पुलिस, 108 एम्बुलेंस, NDRF और वार्ड के कर्मचारी मौके पर मौजूद हैं। घायलों में सोहेल अंसारी (18) और मोहम्मद अंसारी (14) शामिल हैं। दो शवों को पास के अस्पताल भेजा गया है अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। भूस्खलन कुर्ला में राठौड़ मेडिकल के पास चिराग नगर की गौशिया चॉल तथा घाटकोपर पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र में आने वाले अशोकनगर इलाके में हुआ।
यह भी पढ़ें: Mumbai Fire: विलेपार्ले में बहुमंजिला इमारत में लगी भीषण आग, ढाई साल के मासूम और एक महिला की मौत; कई झुलसे
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 12 August 2026 at 09:47 IST