Mumbai Airport: भारी बारिश के बीच एक ही रनवे पर आमने-सामने आ गए दो विमान, मुंबई एयरपोर्ट पर ऐसे टला बड़ा हादसा
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते रह गया। रनवे पर एक ही समय में दो विमानों के आ जाने से हड़कंप मच गया, लेकिन एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) की मुस्तैदी ने एक भीषण दुर्घटना को टाल दिया।
- भारत
- 2 min read
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर मंगलवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। एयर ट्रैफिक कंट्रोल और पायलटों की सूझबूझ की वजह से दो विमान आपस में टकराने से रह गए। इस सतर्कता के कारण सैकड़ों यात्रियों की जान सुरक्षित बच गई।
क्या हुआ था रनवे पर?
सिलीगुड़ी पश्चिम बंगाल से आई 'एयर इंडिया एक्सप्रेस' की फ्लाइट (IX-1547) मुंबई एयरपोर्ट पर लैंड हुई थी। लैंडिंग के बाद यह विमान अभी रनवे से पूरी तरह बाहर (Clear) भी नहीं निकल पाया था कि उसी रनवे पर एक और हलचल शुरू हो गई। मुंबई से दिल्ली जाने वाली 'एयर इंडिया' की फ्लाइट (AI-816) ने उसी रनवे पर उड़ान भरने (Take-off) के लिए अपनी रफ्तार बढ़ा दी। एक ही समय पर दो विमानों के एक ही रनवे पर होने से टकराने का बड़ा खतरा पैदा हो गया था।
ATC की मुस्तैदी ने बचाया
जैसे ही एयर ट्रैफिक कंट्रोल को इस गलती का अहसास हुआ, उन्होंने तुरंत एक्शन लिया। कंट्रोलर ने बिना वक्त गंवाए एयर इंडिया के पायलट को टेक-ऑफ रोकने का निर्देश दिया। पायलट ने भी समझदारी दिखाई और तुरंत विमान की रफ्तार को धीमा करते हुए टेक-ऑफ कैंसल कर दिया। इसके बाद विमान को सुरक्षित रूप से वापस पार्किंग बे की तरफ मोड़ लिया गया।
एयर इंडिया का आधिकारिक बयान
इस घटना के बाद एयर इंडिया ने बयान जारी कर स्थिति साफ की। एयरलाइन ने कहा, ATC से निर्देश मिलते ही हमारे क्रू ने तुरंत टेक-ऑफ रोक दिया। विमान और सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। नियमों (SOP) के मुताबिक विमान की तकनीकी जांच की जा रही है।इसके साथ ही एयर इंडिया ने प्रभावित यात्रियों को दिल्ली पहुंचाने के लिए दूसरी फ्लाइट की व्यवस्था भी की। कुल मिलाकर, ATC की पैनी नजर और पायलटों के क्विक रिस्पांस की वजह से मुंबई एयरपोर्ट पर एक भयानक दुर्घटना टल गई।
Published By : Aarya Pandey
पब्लिश्ड 8 July 2026 at 07:38 IST