Mumbai Airport Fire: मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1B के अंदर लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, मौके पर दमकल की कई गाड़ियां
Mumbai Airport Fire: मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल 1 में शॉर्ट सर्किट की वजह से आग लग गई। हालांकि अब तक किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
Mumbai Airport Fire: मुंबई के विले पार्ले स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज इंटरनेशनल एयरपोर्ट (CSMIA) के टर्मिनल 1B में गुरुवार की शाम चारों ओर दहशत फैल गई। शाम करीब 6 बजे टर्मिनल के एक हिस्से से अचानक घना काला धुआं निकलने लगा, जिसे देख वहां मौजूद यात्रियों और कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में एयरपोर्ट की इमारत के अंदर धुएं का गुबार साफ देखा जा सकता है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रभावित इलाके को तुरंत खाली कराया गया।
शॉर्ट सर्किट हो सकता है आग का कारण
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, आग टर्मिनल की तीन मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। मुंबई फायर ब्रिगेड के मुख्य अधिकारी ने बताया कि आग लगने की सूचना केबल ट्रे और स्विच बॉक्स से मिली थी। प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी है। हालांकि, घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच की जा रही है।
दमकल विभाग और CISF ने संभाला मोर्चा
आग की खबर मिलते ही एयरपोर्ट के फायर टेंडरों ने तुरंत मोर्चा संभाला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुंबई फायर ब्रिगेड से अतिरिक्त मदद बुलाई गई। पुलिस और नगर निगम के वार्ड कर्मचारी भी राहत कार्य के लिए मौके पर पहुंचे। CISF के जवानों ने यात्रियों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि आग केवल ग्राउंड फ्लोर तक ही सीमित रही और इसे ऊपरी मंजिलों तक फैलने से पहले ही रोक दिया गया।
किसी के हताहत होने की खबर नहीं
इस पूरी घटना में सबसे राहत वाली बात यह रही कि किसी भी यात्री या कर्मचारी के घायल होने की खबर नहीं है। मुंबई फायर डिपार्टमेंट ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि कोई भी घायल नहीं हुआ है। एयरपोर्ट प्रशासन ने स्थिति को पूरी तरह नियंत्रण में बताया है। फिलहाल, आग बुझाने का काम पूरा हो चुका है और कूलिंग प्रक्रिया जारी है।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 9 April 2026 at 20:53 IST