अपडेटेड 24 June 2025 at 09:19 IST
Delhi Monsoon: आज दिल्ली में होगी मॉनसून की एंट्री! अगले दो घंटो में बारिश की संभावना, टूटेगा 12 साल का रिकॉर्ड
गर्मी और उमस का सामना कर रहे दिल्लीवालों के लिए राहत भरी खबर। IMD ने दिल्ली-NCR में मंगलवार को मॉनसून की एंट्री की संभावना जताई है, इस दौरान बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है।
देश के ज्यादातर राज्यों में मॉनसून दस्तक दे चुका है और बारिश का दौर जारी है। अब दिल्लीवालों का भी इंतजार खत्म होने वाला है। अगले कुछ घंटों में मॉनसून दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ में दस्तक दे सकता है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-NCR में मंगलवार को बारिश का अलर्ट जारी किया है। ऐसे में लोगों को गर्मी और उमस से आज राहत मिल सकती है।
देश के दक्षिणी राज्य केरल में आज से ठीक एक महीने पहले 24 मार्च को मॉनसून ने दस्तक दी थी, इस बार मॉनसून की एंट्री समय से 8 दिन पहले हुई थी। अब कई राज्यों से गुजरने के बाद मॉनसून की एंट्री राष्ट्रीय राजधानी में होने जा रही है। IMD ने लंबे समय से मॉनसून का इंतजार कर रहे दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए राहत भरी खबर दी है। विभाग के अनुसार, इस साल मॉनसून के दिल्ली में प्रवेश की संभावना 24 जून, मंगलवार को जताई गई है।
आज दिल्ली में मॉनसून की दस्तक संभव
मौसम विभाग की ओर से दिल्ली के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। अगले कुछ घंटों में दिल्ली-NCR में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मॉनसून की एंट्री के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा और दिल्लीवालों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी। दिल्ली में अगर मॉनसून की एंट्री 24 जून को होती है तो एक नया रिकॉर्ड बनेगा। 12 साल बाद दिल्ली में मॉनसून समय से पहले पहुंचेगा। 2013 में 16 जून को मॉनसून की पहली बारिश हुई थी।
पहाड़ों में बारिश का दौर जारी
मॉनसून ने उत्तर भारत में अपनी रफ्तार पकड़ ली है। उत्तराखंड और लद्दाख में बारिश की शुरुआत हो चुकी है, वहीं रविवार से मॉनसून पंजाब में भी सक्रिय हो गया है। देश के उत्तर हिस्सों में कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। IMD के अनुसार, मॉनसून की प्रगति सामान्य है और अगले कुछ दिनों में यह हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक पहुंच सकता है। हरियाणा में बारिश का दौर शुरू हो गया है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
IMD के पूर्वानुमान के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 24 और 25 जून को बारिश की संभावना है। आईएमडी ने उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य प्रदेश, गुजरात और कोंकण और गोवा में भी 26 जून तक भारी से बहुत भारी बारिश की भविष्यवाणी की है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 24 June 2025 at 09:06 IST