भारी बारिश ने मचाई तबाही, 450 से अधिक घर क्षतिग्रस्त; मिजोरम के कोलासिब में 13,900 लोगों को नुकसान
Mizoram News: मिजोरम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से 450 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए।
- भारत
- 3 min read
Mizoram News: मिजोरम के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से 450 से अधिक घर क्षतिग्रस्त हो गए। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पिछले दो दिनों के दौरान राज्य में आई आपदा में आइजोल, कोलासिब, चम्फाई और खौजौल जिले सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि असम की सीमा से लगे कोलासिब जिले में बारिश और ओलावृष्टि से कम से कम 265 घर क्षतिग्रस्त हो गए और 13,900 से अधिक लोग प्रभावित हुए।
आंगनवाड़ी केंद्र और कुछ सरकारी इमारतें भी क्षतिग्रस्त
उन्होंने बताया कि इसके अलावा जिले में एक आंगनवाड़ी केंद्र और कुछ सरकारी इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं। अधिकारी ने बताया कि कोलासिब जिले में कोलासिब शहर और थिंगदावल गांव सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। अधिकारियों ने कहा कि आइजोल जिले में कम से कम 178 घर क्षतिग्रस्त हो गए। उन्होंने बताया कि चम्फाई जिले के तीन गांवों में कई घर क्षतिग्रस्त हो गए जबकि खौजौल जिले में 10 घर और दो गिरजाघर को नुकसान पहुंचा है।
दिल्ली के कुछ इलाकों में हल्की बारिश
राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को तेज हवाएं चलीं और कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक बुलेटिन में बताया कि शाम को मौसम में अचानक बदलाव आया और अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री नीचे 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
आईएमडी ने बताया कि तेज हवाओं से वृक्षारोपण, बागवानी और खड़ी फसलों को खतरा होता है और चेतावनी दी है कि कमजोर ढांचों और कच्चे घरों को आंशिक से लेकर मामूली क्षति हो सकती है। आईएमडी ने बारिश शुरू होने से पहले जारी परामर्श में कहा, ‘‘निवासियों से घर के अंदर रहने, खिड़कियों और दरवाजों को सुरक्षित बंद रखने और अनावश्यक यात्रा से बचने का आग्रह किया जाता है। जोखिम को कम करने के लिए सुरक्षित आश्रय की तलाश करने और पेड़ों से बचने की सलाह दी जाती है। स्थिति के अनुसार आगे जानकारी दी जाएगी।’’
मौसम कार्यालय के मुताबिक,‘‘अगले दो घंटों में पूरे दिल्ली और एनसीआर के आसपास के इलाकों में 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी, बारिश और तेज हवाएं चलने की आशंका है।’’ राष्ट्रीय राजधानी में दिन में सापेक्षिक आर्द्रता 28 से 66 प्रतिशत के बीच रही। मौसम कार्यालय के अनुसार बुधवार के आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और दिन में तेज हवाएं चलेंगी। अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 37 और 23 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kunal Verma
पब्लिश्ड 23 April 2024 at 20:53 IST