CCTV: बदमाश ने मंदिर में पूजा कर दिया वारदात को अंजाम, घर में फेंके 2 बम...फायरिंग करते हुए फरार
जबलपुर में बेखौफ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिन दहाड़े सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। घमापुर इलाके से एक घर में बम फेंकने की खबर आई है।
- भारत
- 2 min read
Crime Desk: जबलपुर में बेखौफ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद हो गए हैं कि दिन दहाड़े सनसनीखेज वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। इस बार जबलपुर के घमापुर इलाके से एक घर में बम फेंकने की खबर आई है। यकीनन बदमाश ऐसी वारदात को अंजाम देकर क्षेत्र में दहशत फैलाना चाहता है। घर में बम फैसने के बाद आरोपी फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गया। पूरी वारदात का CCTV भी सामने आया है।
आनंद ठाकुर नाम के एक शातिर बदमाश ने एक घर पर बम फेंक कर दहशत फैला दी, वारदात घमापुर थाना इलाके के भारत कृषक समाज स्कूल के पास की बताई जा रही है। इलाके में रहने वाले मानसिंह ठाकुर के घर पर इस बदमाश ने एक के बाद एक दो बम फेंके, जिनमें से एक ही फूट पाया जबकि दूसरा जैसे ही फूटा तो धुएं का गुबार घर से लेकर बाहर तक फैल गया।
वारदात को अंजाम देने से पहले मंदिर में किए दर्शन
आपको जानकर हैरानी होगी कि बमबाजी की इस वारदात को अंजाम देने के पहले बदमाश आनंद ने कॉलोनी के मंदिर में भगवान को प्रणाम भी किया और परिक्रमा की। इसके बाद वह मानसिंह ठाकुर के घर के सामने से गुजरते हुए एक के बाद एक दो बम फेंके। बम कांड को अंजाम देने के बाद आरोपी भागते हुए फायरिंग भी करके गया है।
इस सनसनीखेज वारदात का CCTV फुटेज भी सामने आया है जिसमें आरोपी अपने दोनों हाथों में बम लेकर पैदल चलते हुए दिखाई दे रहा है और जैसे ही वह घर के सामने पहुंचता है तो एक के बाद एक दो बम एक साथ फेंकता हुआ नजर आ रहा है।
आरोपी आनंद की तलाश में जुटी पुलिस
बताया जा रहा है कि आनंद ठाकुर नाम का शख्स इलाके में गुंडागर्दी करता है और लोगों से पैसे वसूलता है और लोगों को धमकाता है। इलाके के रहवासियों से लेकर अन्य व्यापारियों से भी वह रंगदारी वसूलने के लिए धमकियां दिया करता है। दिनदहाड़े हुए इस बम कांड के बाद कॉलोनी के लोग दहशत में हैं। इस मामले की रिपोर्ट पीड़ित ने घमापुर थाने में दर्ज कर दी है जिसके आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 May 2024 at 16:56 IST