चुनाव आयोग को अखिलेश ने मृत बताया, फिर कफन भेजा... अब सपाइयों ने किया पिंडदान; मिल्कीपुर उपचुनाव को लेकर UP में जमकर विवाद

समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में चुनाव आयोग का पिंडदान किया। सपा के कार्यकर्ता हाथों में पोस्ट लिए हुए थे, जिस पर केंद्रीय चुनाव आयोग लिखा था।

 
Follow :
सपा कार्यकर्ताओं ने चुनाव आयोग का पिंडदान किया. | Image: R Bharat

Milkipur By-Election: चुनाव आयोग के खिलाफ अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के नेताओं की हरकतें रुक नहीं रही हैं। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव पहले इलेक्शन कमीशन को मृत बता चुके हैं और फिर समाजवादी पार्टी के नेताओं ने एक कफन तक भेज दिया। इतना ही नहीं, अब समाजवादी पार्टी के नेताओं ने चुनाव आयोग का पिंडदान किया है। मिल्कीपुर में हुए विधानसभा उपचुनाव के नतीजों से पहले उत्तर प्रदेश में इस तरह की राजनीति देखी जा रही है।

समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव मिल्कीपुर उपचुनाव के लिए वोटिंग के दिन से ही हमलावर हैं। अखिलेश यादव उपचुनाव में फर्जी मतदान समेत पुलिस कर्मियों के हस्तक्षेप जैसे आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग और बीजेपी को घेर रहे हैं। इसी आक्रोश में अब समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने वाराणसी में चुनाव आयोग का पिंडदान किया। सपा के कार्यकर्ता हाथों में पोस्ट लिए हुए थे, जिस पर 'केंद्रीय चुनाव आयोग' लिखा हुआ था। चुनाव आयोग के पिंडदान का वीडियो सोशल मीडिया पर भी शेयर किया गया है।

चुनाव आयोग को लेकर अखिलेश के आरोप

अखिलेश यादव ने अपने बयान में कहा कि चुनाव आयोग को जो काम करना चाहिए चुनाव आयोग वो काम नहीं कर रहा है। अगर मुझे कहीं सफेद कपड़ा मिल गया होता तो इलेक्शन कमीशन मर गया है उनपर सफेद कपड़ा पहना देता।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाए कि मिल्कीपुर उपचुनाव में बीजेपी सरकार के इशारे पर बड़े पैमाने पर धांधली, बेईमानी हुई। चुनाव आयोग से समाजवादी पार्टी ने धांधली, फर्जी वोटिंग, बूथ एजेंटों को धमकी देने, बूथों से भगा देने की करीब 500 शिकायतें की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अखिलेश ने कहा कि चुनाव आयोग को जो काम करना चाहिए, वो नहीं कर रहा है। बीजेपी सरकार ने जाति के आधार पर अधिकारी कर्मचारी और बीएलओ की पोस्टिंग की। अयोध्या के एएसपी को बीजेपी के लोग लखनऊ से निर्देश दे रहे थे। बीजेपी चुनाव में बेईमानी करती है। मैंने अपनी कई प्रेस कांफ्रेंस में कहा था कि मीडिया मिल्कीपुर में जाकर देखे कि यहां किस तरह से चुनाव हो रहा है।

सपा नेताओं ने चुनाव आयोग को कफन भेजा

अखिलेश यादव समेत समाजवादी पार्टी के तमाम नेताओं ने मिलकर चुनाव आयोग को एक कफन भेजा। समाजवादी पार्टी के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर तस्वीरें साझा की गई और साथ में लिखा- ‘लोकतांत्रिक प्रक्रिया को रौंद कर चुनाव से खिलवाड़ करने वाली बीजेपी सरकार को संरक्षण देने वाला चुनाव आयोग मर चुका है। कफन ओढ़ ले चुनाव आयोग।’

यह भी पढ़ें: फसाद में पड़े केजरीवाल, उपराज्यपाल ने बैठाई जांच; दिल्ली में रिजल्ट से पहले बवाल

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 7 February 2025 at 15:31 IST