Earthquake: गुजरात के कच्छ में भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए, कोई हताहत नहीं
गुजरात के कच्छ जिले में बुधवार सुबह 3.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
- भारत
- 2 min read
Earthquake News: गुजरात के कच्छ जिले में बुधवार सुबह 3.2 तीव्रता का भूकंप आया। भूकंप अनुसंधान संस्थान (आईएसआर) ने यह जानकारी दी। जिला प्रशासन ने बताया कि भूकंप से किसी के हताहत होने या संपत्ति को नुकसान पहुंचने की कोई खबर नहीं है।
गांधीनगर स्थित आईएसआर के अनुसार, भूकंप के झटके सुबह 10 बजकर 24 मिनट पर दर्ज किए गए, जिसका केंद्र भचाऊ से 23 किलोमीटर उत्तर-उत्तर पूर्व में स्थित था। पिछले महीने, इस क्षेत्र में तीन से अधिक तीव्रता की चार भूकंपीय गतिविधियां दर्ज की गईं, जिनमें तीन दिन पहले आया 3.2 तीव्रता का भूकंप भी शामिल है, जिसका केंद्र भी भचाऊ के निकट था।
आईएसआर के अनुसार, 23 दिसंबर को जिले में 3.7 तीव्रता का भूकंप आया था और सात दिसंबर को 3.2 तीव्रता का भूकंप आया था। पिछले साल 18 नवंबर को कच्छ में चार तीव्रता का भूकंप आया था। आईएसआर के आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले 15 नवंबर को उत्तर गुजरात के पाटण में 4.2 तीव्रता का भूकंप आया था।
गुजरात भूकंप के लिहाज से उच्च जोखिम वाले संवेदनशील क्षेत्र में आता है। गुजरात राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जीएसडीएमए) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 200 वर्षों में गुजरात में नौ बड़े भूकंप आए। जीएसडीएमए के अनुसार, 26 जनवरी 2001 को कच्छ में आया भूकंप पिछली दो सदी में भारत में आया तीसरा सबसे बड़ा तथा दूसरा सबसे विनाशकारी भूकंप था। भूकंप में जिले के कई कस्बे और गांव लगभग पूरी तरह तबाह हो गए थे, जिसमें लगभग 13,800 लोग मारे गए थे और 1.67 लाख अन्य घायल हुए थे।
Published By : Shubhamvada Pandey
पब्लिश्ड 1 January 2025 at 11:52 IST