अपडेटेड 15 January 2025 at 19:47 IST

2024 लोकसभा चुनाव को लेकर मार्क जुकरबर्ग के बयान पर META इंडिया ने मांगी माफी, जानें क्या था मेटा CEO का बयान

META CEO मार्क जुकरबर्ग की लोकसभा चुनाव रिजल्ट को लेकर टिप्पणी पर मेटा इंडिया ने माफी मांग ली है। आइए जानते हैं कि जुकरबर्ग ने क्या कहा था।

Follow :  
×

Share


जुकरबर्ग के बयान के बाद मेटा इंडिया ने मांगी माफी। | Image: Agency

META के CEO मार्क जुकरबर्ग ने भारत में हुए लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर एक टिप्पणी की थी, जिसके लिए अब मेटा इंडिया को माफी मांगनी पड़ी है। दरअसल, META CEO ने एक पॉडकास्ट में मोदी सरकार की हार का दावा किया। जिसके बाद केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनपर पलटवार किया था। इतना ही नहीं, संसद की IT समिति के अध्यक्ष और भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने मानहानि का नोटिस भेजने की बात कही थी। ऐसे में अब मेटा इंडिया की ओर से माफीनामा सामने आया है।

मेटा इंडिया के पब्लिक पॉलिसी वाइस प्रेसिडेंट शिवनाथ ठुकराल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा, "मार्क का यह कहना कि 2024 के चुनावों में कई देशों में सत्ताधारी पार्टियां दोबारा चुनी नहीं गईं, यह कई देशों के लिए सही है लेकिन भारत के लिए नहीं। अनजाने में हुई इस गलती के लिए हम माफी मांगते हैं। भारत हमारे लिए बेहद अहम देश है और हम इसके इनोवेटिव फ्यूचर का हिस्सा बनने के लिए उत्साहित हैं।"

क्या था मार्कजुकरबर्ग का बयान?

दरअसल, मेटा के मालिक मार्क ने जनवरी में अमेरिकी पॉडकास्टर जो रागन के पॉडकास्ट में कहा था कि 2024 में दुनिया भर के चुनावों में, भारत सहित अधिकांश मौजूदा सरकारों को चुनावी हार का सामना करना पड़ा था।  

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मार्क पर किया पलटवार

केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी मार्क जुकरबर्ग की टिप्पणी को गलत बताते हुए कहा, "भारत के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली NDA सरकार पर दोबारा अपना भरोसा दिखा कर चुके हैं। दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत ने 2024 के आम चुनाव का संचालन किया, जिसमें 64 करोड़ से अधिक मतदाताओं ने हिस्सा लिया।"

उन्होंने कहा, "जुकरबर्ग का यह दावा कि 2024 के चुनावों में भारत सहित अधिकांश मौजूदा सरकारों को कोविड महामारी के बाद हार का सामना करना पड़ा, तथ्यात्मक रूप से गलत है। 80 करोड़ लोगों को मुफ्त भोजन, 2.2 अरब टीके और कोविड-19 के दौरान दुनियाभर के देशों को सहायता देने से लेकर भारत को सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में नेतृत्व करने तक, तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी की निर्णायक जीत सुशासन और जनता के विश्वास का प्रमाण है।"

मेटा की माफी के बाद क्या बोले निशिकांत दुबे?

भाजपा सांसद और IT संसदीय पैनल के प्रमुख निशिकांत दुबे ने मेटा इंडिया की माफी मांगने के बाद अपनी प्रतिक्रिया भी दी। उन्होंने मेटा इंडिया की माफी को भारत के आम नागरिकों की जीत बताया और कहा कि यह माफी भारतीय संसद और सरकार के प्रति जनता के भरोसे की पुष्टि है। भविष्य में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को अन्य मामलों पर भी तलब किया जाएगा।

इसे भी पढ़ें: Delhi Election: नई दिल्ली से BJP उम्मीदवार प्रवेश वर्मा की बढ़ी मुश्किलें, महिलाओं में जूता बांटने के मामले में FIR दर्ज

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 15 January 2025 at 19:44 IST