मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने, उम्मदीवार ने बताया सीट चोरी तो BJP बोली-आपराधिक रिकॉर्ड छुपाना...
राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद दिल्ली में सियासी घमासान तेज हो गया है। इस बीच मीनाक्षी ने भाजपा पर तीखा हमला करते हुए कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, सीएम मोहन यादव ने फैसले का स्वागत किया।
- भारत
- 4 min read
Meenakshi Natarajan: मध्य प्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के बाद मंगलवार को सियासी विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक तरफ नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस के नेताओं ने नई दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग (ECI) के दफ्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया, तो दूसरी तरफ राजधानी भोपाल में मीनाक्षी नटराजन ने मीडिया से बात करते हुए भाजपा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। वहीं, मीनाक्षी के नामांकन रद्द होने के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव ने फैसले का स्वागत किया और कांग्रेस के ऊपर गलत षड्यंत्र का आरोप भी लगाया।
SIR के जरिए वोट चोरी की जा रही थी-मीनाक्षी नटराजन
राज्यसभा उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने पर मीनाक्षी नटराजन कहा 'जब सदस्य संख्या नहीं होते हुए भी भाजपा ने एक तीसरा प्रत्याशी उतारा, वहीं से हमें यह समझ में आने लगा कि किस तरह संविधान, लोकतंत्र को कुचलने की राजनीति हो रही है। SIR के जरिए अलग-अलग हथकंडे अपनाकर जो वोट चोरी की जा रही थी, अब राज्यसभा चुनाव और अन्य चुनावों को भी वैसा बनाने की कोशिश हो रही है।'
आगे उन्होंने कहा 'एक तरफ, ये महिलाओं की बात करते हैं और दूसरी तरफ इन्होंने जिस तरह के हथकंडे अपनाए, पहले सदस्य संख्या न होने के बावजूद भी इन्होंने उम्मीदवार उतारा, लेकिन जब उन्हें दिखा कि यहां एकता है तो उन्होंने एक लीगल नोटिस की आड़ में जिसे संज्ञान में भी लिया गया था, उसके आधार पर उन्होंने चुनौती दी।'
इस फैसले को चुनौती देंगे-मीनाक्षी नटराजन
मीनाक्षी नटराजन ने आगे कहा 'सिर्फ राज्यसभा की सीट की बात नहीं है। सवाल आज की स्थितियों पर है, सवाल यह है कि लोकतंत्र की जीत होगी या नहीं, भारत का संघीय ढाँचा रहेगा या नहीं, यहां जो तानाशाही लाने की कोशिश की जा रही है उसके खिलाफ हमारी पूरी पार्टी लड़ेगी, हम इस फैसले को चुनौती देंगे।'
कांग्रेस ने आपराधिक रिकॉर्ड छुपाने का पाप किया-CM मोहन यादव
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा 'कांग्रेस उम्मीदवार द्वारा जो जानबूझकर जानकारी छुपाई गई थी, यह आपराधिक रिकॉर्ड को छुपाने का पाप है। दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ेगा कि कांग्रेस के लोगों ने षड्यंत्र पूर्वक अपने प्रत्याशी की यह जानकारी नहीं दी। आपने जानबूझकर निर्वाचन अधिकारी को भ्रम में रखा और इसी आधार पर जो फैसला हुआ उसका मैं स्वागत करता हूं।'
कांग्रेस को प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए-CM मोहन यादव
सीएम मोहन यादव ने आगे कहा 'कांग्रेस को आत्ममंथन करना चाहिए। मुझे लगता है कि कांग्रेस को हार का डर था। उनके साथ चुने हुए विधायक नहीं थे इसलिए उन्होंने एक षड्यंत्र किया। मुझे लगता है कि कांग्रेस को आत्मविश्लेषण करना चाहिए और अपने इस व्यवहार के लिए मध्य प्रदेश की जनता से माफी मांगनी चाहिए। चुनाव अधिकारी ने जो निर्णय किया उसका हम स्वागत करते हैं। कांग्रेस गलत रास्ते पर जा रही है, इसलिए उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ रही है।'
EC ने कांग्रेस को दिया समय
वहीं, मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने के खिलाफ कांग्रेस के नेताओं ने नई दिल्ली स्थित निर्वाचन आयोग (ECI) के दफ्तर के सामने विरोध प्रदर्शन किया और मिलने के समय मांगा। सियासी हलचल के बाद आयोग ने एक बयान जारी करते हुए 10 जून दोपहर 12 बजे भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए और मिलने का समय देने का निर्णय लिया।
Published By : Sahitya Maurya
पब्लिश्ड 9 June 2026 at 22:53 IST