'वह हमारे पीएम मोदी को ट्रोल करती हैं...', विवाद के बाद मुंबई की मेयर ने दीया मिर्जा को 'प्रदूषण मुक्त दीवाली' अभियान से हटाया
अभिनेत्री दीया मिर्जा के 'प्रदूषण मुक्त दिवाली' अभियान को लेकर हुए विवाद पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा, दीया मिर्जा हमारे द्वारा आयोजित किसी अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा नहीं ले सकतीं, क्योंकि वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं।
- भारत
- 4 min read
बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने बढ़ते वायु प्रदूषण से निपटने के लिए पर्यावरण के अनुकूल दिवाली मनाने का अभियान शुरू किया है। बॉम्बे हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुरूप इस अभियान में अलग-अलग क्षेत्रों की जानी-मानी हस्तियों को शामिल किया गया है। अभिनेत्री दीया मिर्जा, माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे समेत कई हस्तियों इस अभियान से जुडे हैं। मगर दीया मिर्जा को अभियान में शामिल करने के फैसले पर विवाद खड़ा हो गया।
एक्ट्रेस दीया मिर्जा को इस अभियान में शामिल करने पर सोशल मीडिया पर आपत्तियां उठने लगीं। मुंबई BJP प्रमुख अमित सातम ने भी बीएमसी के आधिकारिक अकाउंट को टैग करते हुए इस फैसले पर आपत्ति जताई। उन्होंने लिखा, “हमें दीया मिर्जा से दिवाली मनाने का तरीका सीखने की जरूरत नहीं है। हमारी परंपराएं हमारी संस्कृति में गहराई से जुड़ी हैं।”
इसके बाद बीएमसी ने अपने सोशल मीडिया पेजों से दीया मिर्जा का वीडियो हटा दिया। नगर निगम ने फैसला लिया कि अब उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जाएगा। अभिनेत्री दीया मिर्जा के 'प्रदूषण मुक्त दिवाली' अभियान को लेकर हुए विवाद पर मुंबई की मेयर रितु तावड़े ने कहा, "हम उन्हें किसी भी कार्यक्रम में शामिल नहीं करेंगे खासकर BMC के आधिकारिक पोर्टल पर तो बिल्कुल नहीं ।"
हम हिंदुत्व का विरोध करने वाले को जगह नहीं देंगे-मेयर रितु तावड़े
मेयर रितु तावड़े ने आगे कहा, दीया मिर्जा हमारे द्वारा आयोजित किसी अन्य कार्यक्रम में भी हिस्सा नहीं ले सकतीं, क्योंकि वह हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्रोल करती हैं। मेयर के तौर पर और भारतीय जनता पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए। हमारा रुख एकदम साफ है। हम हिंदुत्व का विरोध करने वाले किसी भी व्यक्ति को BMC के आधिकारिक पोर्टल पर जगह नहीं देंगे।"
हमारा एजेंडा हिंदुत्व पर आधारित है-मेयर रितु तावड़े
उन्होंने आगे कहा, "मुंबई एक ऐसा शहर है जो सभी जातियों, धर्मों और संप्रदायों को अपनाता है और मैं सभी के लिए काम करती हूं। हमारा एजेंडा हिंदुत्व पर आधारित है। अगर कोई हिंदुत्व के खिलाफ बोलता है चाहे उसकी जाति, धर्म या संप्रदाय कुछ भी हो तो उसे कड़ा जवाब दिया जाएगा।"
पूरे विवाद पर दीया मिर्जा ने क्या कहा?
वहीं, इस विवाद पर दीया मिर्जा ने ANI से बात करते हुए कहा, “किसी को उस वीडियो का विरोध क्यों करना चाहिए जिसे बॉम्बे हाईकोर्ट और BMC ने मुझसे जन हित में रिकॉर्ड करवाया है? वायु प्रदूषण चिंता का विषय है और प्रदूषण कम करने की सभी कोशिशों का स्वागत किया जाना चाहिए क्योंकि यह पब्लिक हेल्थ का मामला है।”
BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो हटाया
बता दें कि BMC ने दीया मिर्जा का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें वह पटाखों के इस्तेमाल से जुड़े हाईकोर्ट के निर्देशों का पालन करने की अपील कर रही थीं। विवाद के बाद म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े के नेतृत्व वाली बीएमसी ने उनका वीडियो हटा दिया। वहीं माधुरी दीक्षित, निशिगंधा वाड और अजिंक्य रहाणे वाले अभियान वीडियो नगर निकाय के एक्स और इंस्टाग्राम पेज पर बने हुए हैं।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 2 November 2026 at 17:29 IST