Dhanteras: धनतेरस के मौके पर दिल्ली समेत देशभर के बाजारों में रौनक, सोने-चांदी में गिरावट से बाजार गुलजार; जमकर हुई खरीदारी
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसी वजह से कीमतें ऊंची हो या नीची बड़ी संख्या में लोग इस दिन कुछ न कुछ खरीदने की योजना बनाते हैं। जानतें हैं कैसा रहा इस बार का धनतेरस बाजार...
- भारत
- 3 min read
शुक्रवार को धनतेरस के पावन अवसर पर राजधानी दिल्ली सहित पूरे देश के बाजारों में रौनक देखने को मिली। दीपावली की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग बाजारों में निकले। ज्वेलरी, कपड़े, सजावट की वस्तुएं, ऑटोमोबाइल, बर्तन और इलेक्ट्रॉनिक्स की दुकानों पर भारी भीड़ उमड़ी। सोना और चांदी की कीमतों में आई गिरावट ने बाजारों को और गुलजार बना दिया। लोगों ने जमकर आभूषणों की खरीदारी की।
धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसी वजह से कीमतें ऊंची होने पर भी बड़ी संख्या में लोग इस दिन कुछ न कुछ खरीदने की योजना बनाते हैं। दिल्ली के चांदनी चौक, लाजपत नगर, सरोजिनी नगर, करोल बाग, राजौरी गार्डन, नेहरू प्लेस और साकेत जैसे प्रमुख बाजारों में सुबह से ही खरीदारों की भीड़ नजर आई, जो शाम होते-होते और बढ़ गई।
धनतेरस पर रौनक रहे देशभर के बाजार
धनतेरस पर लोगों की भारी भीड़ को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए। प्रमुख बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया और ड्रोन कैमरों से भीड़ की निगरानी की गई। शाम को दिल्ली पुलिस ने सरोजिनी नगर मार्केट में सुरक्षा मार्च निकाला। बाजारों के सभी एंट्री प्वॉइंटों से चेकिंग करके ग्राहकों तो जाने की परमिशन थी।
सोने-चांदी की जमकर खरीदारी
ग्राहकों ने सोने के सिक्के, बुलियन और चांदी के सिक्कों में विशेष दिलचस्पी दिखाई। साथ ही हल्के वजन वाले और रोजमर्रा पहनने योग्य आभूषणों की मांग भी प्रमुख चलन रही। देशभर में धनतेरस पर 60 हजार करोड़ रुपये से अधिक के सर्राफा कारोबार का अनुमान है। इसमें अकेले दिल्ली में करीब 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार होने की उम्मीद जताई गई है। कारोबारियों का कहना है कि दिल्ली में लगभग इतनी ही राशि के सोना-चांदी की खरीदारी हुई है। इसका मुख्य कारण कीमतों में गिरावट है। सोने की कीमत उच्चतम स्तर से लगभग 25 प्रतिशत तक घटी है, जबकि चांदी की कीमत करीब 50 प्रतिशत कम हो चुकी है।
स्टील की जगह इन बर्तनों का बढ़ा ट्रेंड
इस वर्ष सिर्फ गहने ही नहीं, बल्कि निवेश के मकसद से भी सोना-चांदी की बड़ी खरीदारी देखने को मिली। महिलाओं ने जहां बाजार में हल्के आभूषण ज्यादा खरीदे हैं तो वहीं पुरुषों ने भी धनतेरस के मौके पर जमकर सोने-चांदी में निवेश किया है। धनतेरस पर बर्तन के रिटेल बाजार में सबसे ज्यादा रौनक रही।सुबह से ही दुकानों पर खरीदारों का पहुंचना शुरू हो गया था। इस बार एल्युमिनियम के बर्तनों की सबसे कम बिक्री हुई है। तांबा पीतल और कांसा के बर्तनों की बिक्री का ट्रेंड बढ़ा।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 6 November 2026 at 23:59 IST