'दलित हूं, मेरी मदद करो, ये मैं कभी गिड़गिड़ाया नहीं...', खड़गे ने सदन में ऐसा क्या बोला, जेपी नड्डा को कहना पड़ा- मुझे खेद है
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में हुई 'विजय शंखनाद रैली' के बाद स्टेज के शुद्धिकरण का मुद्दा संसद में गूंजा। खुद खड़गे ने इस मुद्दे को जोरदार तरीके से उठाया।
- भारत
- 4 min read
Mallikarjun Kharge: उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की 'विजय शंखनाद रैली' के बाद मंच के 'शुद्धिकरण' को लेकर देश की सियासत गरमा गई है। यह विवाद अब संसद के उच्च सदन (राज्यसभा) तक पहुंच चुका है। खुद खड़गे ने इस मुद्दे को बेहद आक्रामक और भावुक ढंग से उठाया। उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि क्या लोकतंत्र में दलित नेताओं के साथ ऐसा व्यवहार जायज है? इस पर नड्डा ने तुरंत अपनी प्रतिक्रिया दी और खेत व्यक्त किया।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'बड़े दुख के साथ कहना पड़ रहा है कि मैं हल्द्वानी में था, जहां मैंने रामलीला मैदान में एक जनसभा को संबोधित किया। वहां लाखों लोग मौजूद थे। उस समय मैंने किसी समुदाय या धर्म का नाम नहीं लिया। मैंने केवल सरकार से जुड़े मुद्दों को बताया। लेकिन मेरे भाषण के बाद बीजेपी के लोगों ने मंच पर 'शुद्धिकरण' करने के लिए वहां हवन किया। क्या लोकतंत्र में ऐसा होता है? आप संविधान की रक्षा कैसे कर रहे हैं? मैं विपक्ष का नेता हूं।'
खड़गे बोले- मैं कभी नहीं गिड़गिड़ाया लेकिन…
उन्होंने आगे कहा, 'मैं इसे कभी राजनीतिक मुद्दा नहीं बनाना चाहता। मैंने कभी सदन में नहीं कहा कि मैं दलित हूं, मेरी मदद करो, ऐसा मैं कभी नहीं गिड़गिड़ाया। मुझ में लड़ने की शक्ति है, मैं लड़ सकता हूं। लेकिन आप मेरा छुआछूत मानकर शुद्धिकरण करके अपमान करते हैं?'
इसकी जांच की जाएगी- नड्डा
राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने विपक्ष के नेता को जवाब दिया। उन्होंने कहा, 'खड़गे जी ने जो कहा वह वाकई दुखद है। यह न सिर्फ कांग्रेस पार्टी के लिए बल्कि हम सभी के लिए है। क्योंकि खड़गे ने कहा कि बीजेपी के लोग थे, तो मैं स्पष्ट करना चाहता हूं कि बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। कभी नहीं। लेकिन हम इसकी तहकीकात करेंगे। मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि वहां जो कुछ भी हुआ, उसकी निश्चित रूप से जांच की जाएगी। लेकिन मैं यह साफ करना चाहता हूं कि बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। मैं इसकी निंदा करता हूं। राष्ट्रीय अध्यक्ष इस मामले को देखेंगे। यह हम सभी के लिए बहुत खेद की बात है कि आपकी भावनाएं आहत हुईं।'
हम सभी के लिए खेद का विषय- नड्डा
नड्डा ने आगे कहा, 'बीजेपी ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करती। यह देश समेत हम सभी के लिए खेद का विषय है। हम इसकी तहकीकात भी करेंगे। इसके बावजूद जब खड़गे बार-बार यह कहे कि तुम (बीजेपी) ऐसा करते हो, यह उचित नहीं है। जब हमने कहा कि हम ऐसी गतिविधियों का समर्थन नहीं करते। आपको जितना दुख है, उतना ही दुख मुझे भी है। इसमें अगर कोई दोषी पाया जाता है तो उस पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी। हम खड़गे और उनकी भावनाओं का सम्मान करते हैं।' उन्होंने आगे निवेदन किया कि विपक्ष बीजेपी पर ऐसा आरोप न लगाए।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि 8 अगस्त को खड़गे ने उत्तराखंड के हल्द्वानी स्थित रामलीला मैदान में रैली की थी। इसके बाद 10 अगस्त को एक संगठन ने मैदान में शुद्धिकरण हवन और गंगाजल छिड़काया।
संगठन का आरोप रहा कि रामलीला मैदान सनातन से जुड़े कार्यक्रमों का स्थल है। इसकी पवित्रता को खंडित किया गया। आरोप है कि यहां रैली के दौरान धर्म विशेष के समर्थन में नारे लगाए गए थे। हालांकि, कांग्रेस ने वीडियो को AI से तैयार बताते हुए झूठा करार दिया।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 13 August 2026 at 12:08 IST