'बंगाल में जो बदलाव आया, वो ये साबित करता है किसी का अहंकार और अत्याचार जनता नहीं सहन करती', मालिनी अवस्थी ने ममता बनर्जी पर साधा निशाना
मालिनी अवस्थी ने बंगाल चुनाव के नतीजों को 'आजादी जैसा उत्सव' बताया है। उन्होंने बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि, 'जनता अहंकार और अत्याचार बर्दाश्त नहीं करती।' जानें और क्या कुछ कहा? पढ़ें पूरी खबर।
Malini Awasthi on West Bengal Elections: उत्तर प्रदेश की प्रसिद्ध लोक गायिका और पद्म श्री से सम्मानित मालिनी अवस्थी ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के हालिया नतीजों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। वाराणसी में मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बंगाल में हुए राजनीतिक उलटफेर को भारतीय लोकतंत्र की मजबूती बताया। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने जो फैसला सुनाया है, वह देशभर में एक आनंद और उत्सव लेकर आया है।
आजादी जैसा महसूस हो रहा है- मालिनी अवस्थी
मालिनी अवस्थी ने बंगाल के नतीजों की तुलना देश की आजादी के समय हुए हर्षोल्लास से की। उन्होंने कहा, 'पूरे भारत वर्ष में इस समय एक आनंद और उत्सव जैसी बयार बह रही है। यह बिल्कुल वैसा ही अहसास करा रहा है जैसा आजादी के समय देश को हुआ था।' उन्होंने आगे जोड़ा कि हालांकि वह उत्तर प्रदेश से ताल्लुक रखती हैं, लेकिन बंगाल में आया यह बदलाव पूरे देश के लिए अच्छा संकेत है।
जनता नहीं सहती अहंकार और अत्याचार- मालिनी अवस्थी
लोक गायिका ने किसी दल का सीधा नाम लिए बिना 'अहंकार' और 'अत्याचार' पर कड़ा प्रहार किया। मालिनी अवस्थी ने कहा कि बंगाल की जनता ने जिस तरह एकनिष्ठ होकर (एकजुट होकर) निर्णय दिया है, वह काबिले तारीफ है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी व्यक्ति या राजनीतिक दल हो, जनता कभी भी अहंकार और अत्याचार सहन नहीं करती। उन्होंने जोर देकर कहा कि जब सही समय और अवसर आता है, तो जनता वोट के माध्यम से बेहद साफ और स्पष्ट संदेश देती है।
सांस्कृतिक और राजनीतिक संदेश
मालिनी अवस्थी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब पश्चिम बंगाल में सत्ता परिवर्तन की लहर देखी जा रही है। उन्होंने बंगाल की जनता को उनके साहसी निर्णय के लिए बधाई दी और इसे लोकतंत्र की जीत करार दिया। वाराणसी के इस दौरे पर मालिनी अवस्थी ने कला और संस्कृति के साथ-साथ समसामयिक मुद्दों पर भी अपनी बेबाक राय रखी।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 8 May 2026 at 18:55 IST