ऋषिकेश में टला बड़ा रेल हादसा, उज्जैनी एक्सप्रेस के 3 डिब्बे हुए बेपटरी, मची अफरा-तफरी
घटना के समय ट्रेन पूरी तरह से खाली थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मेंटेनेंस के दौरान ब्रेक फेल होने की बात सामने आई।
- भारत
- 2 min read
Uttarakhand news: उत्तराखंड के ऋषिकेश में सोमवार (18 मई) रात एक बड़ा रेल हादसा होने से टल गया। योग नगरी रेलवे स्टेशन के पास उज्जैन एक्सप्रेस के तीन डिब्बे पटरी से उतर गए। हादसा शंटिंग के दौरान हुआ। इस दौरान गनीमत की बात ये रही कि दुर्घटना के समय ट्रेन में कोई यात्री सवार नहीं था।
कैसे हुआ ये हादसा?
अब तक मिली जानकारी के अनुसार स्टेशन से कुछ दूरी पर खांड गांव के पास शंटिंग के दौरान उज्जैनी एक्सप्रेस का इंजन और कई डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। मेंटेनेंस यार्ड की ओर जा रही खाली ट्रेन की एक बोगी अनियंत्रित होकर खंभे से जोरदार टक्कर मार गई, जिससे वह बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
टक्कर की आवाज इतनी तेज थी कि रेलवे परिसर और आसपास के इलाकों में अफरा-तफरी मच गई। घटना की खबर सुनते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए।
इस ट्रेन को आज सुबह करीब 6 बजे रवाना होना था। इससे पहले कल रात करीब 9.23 बजे स्टेशन यार्ड में ट्रेन का ट्रैक बदला जा रहा था। जब ये दुर्घटना हुई तो ट्रेन में केवल लोको पायलट ही मौजूद था।
लोगों की पहुंची भारी भीड़
घटना के समय ट्रेन पूरी तरह से खाली थी, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। मेंटेनेंस के दौरान ब्रेक फेल होने की बात सामने आई। स्थानीय लोगों ने हादसे को संदिग्ध बताया। पूरी ट्रेन की मूवमेंट पर कई सवाल उठे। इस दौरान ढाई घंटे तक रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचे। हादसे के बाद ट्रैक पर लोगों की भारी भीड़ लग गई। जीआरपी जवानों ने मोर्चा संभाला और लोगों को हटाया गया।
हादसे की जांच शुरू
फिलहाल मौके पर रेलवे के अधिकारी मौजूद हैं। क्षतिग्रस्त बोगियों को ट्रैक से हटाने जा रहा है। रेलवे के अनुसार हादसे की वजह से ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ है। रेलवे विभाग ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना को लेकर उच्चस्तरीय जांच की मांग तेज हो गई है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 19 May 2026 at 07:10 IST