पहले एकनाथ संग बैठक, फिर स्पीकर से मुलाकात...आज ही महाराष्ट्र में हो जाएगा खेला! उद्धव गुट के सांसद शिंदे गुट में हो सकते हैं शामिल
शिवसेना (UBT) में बड़ी बगावत की खबरों पर बुधवार को मुहर लग सकती है। उद्धव ठाकरे गुट के करीब 6-7 सांसद नई दिल्ली पहुंच गए। ये बागी सांसद आज स्पीकर से मुलाकात कर सकते हैं।
- भारत
- 3 min read
महाराष्ट्र की सियासत में इन दिनों भारी उथल-पुथल मची है। एक बड़ा उल्टफेर दस्तक देने के लिए तैयार है। ऑपरेशन टाइगर के तहत आज महाराष्ट्र में बड़ा खेला हो सकता है। इसकी पटकथा बीते कई दिनों से लिखी जा रही थी।उद्धव ठाकरे की पार्टी शिवसेना (UBT) के 6 बागी सांसद आज नई दिल्ली में लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से मुलाकात कर सकते हैं। दूसरी और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे भी दिल्ली पहुंच चुके हैं।
पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी की पार्टी TMC में टूट की चर्चा अभी थमी भी नहीं थी कि अब महाराष्ट्र में उद्धव गुट में सेंध की बात सामने आ रही है। शिवसेना (यूबीटी) में बड़ी बगावत की खबरों पर बुधवार को मुहर लग सकती है। उद्धव ठाकरे गुट के करीब 6-7 सांसद बुधवार सुबह नई दिल्ली पहुंच गए। सूत्रों के अनुसार, ये सांसद आज सुबह शिवसेना नेता और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के पुत्र श्रीकांत शिंदे के दिल्ली स्थित आवास पर बैठक करने वाले हैं।
श्रीकांत शिंदे के आवास पर बैठक
इस बैठक में एकनाथ शिंदे और श्रीकांत शिंदे के भी मौजूद रहने की संभावना है। एकनाथ शिंदे मुंबई से दिल्ली पहुंच गए है, जबकि परभणी के सांसद संजय उर्फ बंधु जाधव और यवतमाल-वाशिम के सांसद संजय देशमुख भी चार्टर्ड प्लेन से दिल्ली पहुंच गए हैं। सूत्रों के मुताबिक, बैठक के बाद ये सांसद लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मुलाकात करेंगे। सबसे पहले सांसद लोकसभा में अलग गुट बनाने की औपचारिक प्रक्रिया पूरी करेंगे और उसके बाद इस गुट का एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में विलय कराया जाएगा।
एकनाथ शिंदे की लीगल टीम पहुंची दिल्ली
इस बीच एकनाथ शिंदे की लीगल टीम भी दिल्ली पहुंच गई है। सूत्रों के मुताबिक, यदि शिवसेना (UBT) के सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होते हैं, तो उससे जुड़ी सभी संवैधानिक और कानूनी प्रक्रियाओं को पूरा करने के लिए शिंदे की लीगल टीम दिल्ली पहुंची है। बताया जा रहा है कि किसी भी तरह के कानूनी विवाद या तकनीकी अड़चन से बचने के लिए एकनाथ शिंदे ने पहले से ही अपनी कानूनी टीम को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। संभावित राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए सभी प्रक्रियाएं नियमों के तहत पूरी करने की तैयारी की जा रही है।
मातोश्री में फ्लॉप हुई आपात बैठक
उद्धव ठाकरे द्वारा मातोश्री पर बुलाई गई आपातकालीन बैठक में कुल नौ सांसदों में से सिर्फ चार ही पहुंचे। इसके बाद बगावत की अटकलों ने और जोर पकड़ लिया। सूत्रों का कहना है कि कम से कम छह सांसद शिंदे गुट के संपर्क में हैं। ये बागी सांसद 19 जून शिंदे गुट में शामिल हो सकते हैं क्योंकि इस दिन शिवसेना का स्थापना दिवस है। इन 6 सांसदों के शिंदे गुट में जाने की चर्चा है।
- सांसद संजय दिना पाटिल
- संजय देशमुख
- नागेश पाटिल आष्टिकर
- ओमराजे निंबाळकर
- भाऊसाहेब वाकचौरे
- संजय जाधव
2022 का किस्सा दोहराने की तैयारी
सबसे दिलचस्प बात यह है कि यह पूरा घटनाक्रम ठीक ऐसे समय पर हो रहा है, जब कुछ ही दिनों बाद एकनाथ शिंदे की उस ऐतिहासिक बगावत के चार साल पूरे होने वाले हैं जिसने मूल शिवसेना को दो हिस्सों में बांट दिया था। 19 जून, 1966 को बनी शिवसेना को एकनाथ शिंदे ने 2022 में दो हिस्सों में तोड़ दिया था। एकनाथ शिंदे के नेतृत्व में बहुमत विधायक और सांसद अलग हो गए। शिंदे गुट ने BJP के साथ मिलकर सरकार बनाई और आधिकारिक शिवसेना का नाम व चुनाव चिन्ह भी हासिल कर लिया।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 17 June 2026 at 09:54 IST