अपडेटेड 20 January 2024 at 21:55 IST
ललिता ने ललित बने पुलिस कांस्टेबल के घर हुआ बेटे का जन्म, सेक्स चेंज सर्जरी कराकर बने थे पुरुष
Police Constable Sex Change Surgery: ललित ने कहा कि महिला से पुरुष बनने की यात्रा उनकी काफी कठिन रही है। मेरा सौभाग्य रहा कि तब कई लोगों ने मेरा साथ दिया।
Maharashtra News: महाराष्ट्र में एक महिला पुलिस कांस्टेबल ललिता का सेक्स चेंज सर्जरी कराने का मामला सुर्खियों में रहा था। सर्जरी कराने के बाद वह ललिता से ललित बन गए थे। अब वहीं ललित पिता बनने के बाद एक बार फिर चर्चाओं में आ गए हैं।
जी हां, ललित कुमार साल्वे बने पुलिस कांस्टेबल एक बच्चे के पिता बन गए है। 15 जनवरी को उनकी पत्नी ने एक बेटे को जन्म दिया। पुरुष बनने के लिए सर्जरी कराने के बाद कांस्टेबल ललित ने साल 2020 में शादी की थी। ललित कुमार बीड जिले के माजलगांव तालुका के राजेगांव के रहने वाले हैं। उनके परिवार में एक नए सदस्य के आने से इस समय खुशी का माहौल हैं।
मेडिकल टेस्ट में हुआ खुलासा
बता दें कि इनका जन्म जून 1988 में हुआ था। उनका नाम ललिता रखा गया। साल 2010 में ललिता ने एक महिला के तौर पर पुलिस फोर्स में शामिल हुई। फिर साल 2013 में वह अपने शरीर में कुछ बदलाव महसूस करने लगे। उन्होंने अपने कई मेडिकल टेस्ट कराए, जिसमें मामूल चला कि ललिता के शरीर में 'Y' क्रोमोसोम हैं। पुरुषों में एक X और एक Y क्रोमोसोम होते हैं तो वहीं महिलाओं में दो X क्रोमोसोम होते हैं। डॉक्टर्स के अनुसार ललिता में ‘जेंडर डिस्फोरिया’ है। उन्होंने सेक्स चेंज सर्जरी की सलाह दी गई।
सर्जरी कराकर बनीं महिला से पुरुष
ललिता ने सर्जरी कराने के लिए साल 2018 में राज्य सरकार से परमिशन ली। फिर 2020 में दो सर्जरी करवाने के बाद उन्होंने अपना पूरी तरह से सेक्स चेंज करा लिया। ललिता से ललित बनने के बाद उन्होंने छत्रपति संभाजी नगर की रहने वाली सीमा से शादी की थी।
पिता बनने पर क्या बोले ललित?
ललित ने पिता बनने पर खुशी जताते हुए अपने संघर्ष भरे सफर को भी याद किया। तब उनकी नौकरी पर भी खतरा मंडराया था। उन्होंने कहा कि महिला से पुरुष बनने की यात्रा उनकी काफी कठिन रही है। मेरा सौभाग्य रहा कि तब कई लोगों ने मेरा साथ दिया। हमारी अपनी एक संतान की इच्छा थी। खुशी है कि मैं अब पिता बन गया हूं।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 20 January 2024 at 21:55 IST