अजीबोगरीब: बारिश में ऐसी डूबी Mumbai,आपदा प्रबंधन मंत्री रेलवे ट्रैक पर चलकर पहुंचे विधानसभा, VIDEO

Mumbai: महाराष्ट्र के मंत्री अनिल पाटिल के सामने एक बड़ी अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। अनिल पाटिल को विधानसभा जाने के लिए ट्रेन की पटारियों से पैदल निकलना पड़ा।

 
Follow :

Mumbai Rains: मुंबई में बारिश ने सब कुछ बर्बाद कर दिया है। पिछले दिन की बारिश में पूरी मुंबई पानी-पानी हो गई। सड़कों से लेकर चौक-चौराहे और रेलवे ट्रैक तक सब जलमग्न हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट एकदम ठप पड़ चुका है। गाड़ियों की रफ्तार धीमी है, रेलगाड़ियां मानों जैसे पानी पर दौड़ रही हैं। इन हालातों में मुंबई का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। आकलन कर सकते हैं कि महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में मंत्री भी विधानसभा के लिए पैदल जाने को मजबूर हैं।

भारी बारिश के बाद मुंबई में जलभराव ने रास्तों को जाम कर दिया है। ऐसे में महाराष्ट्र के आपदा एवं प्रबंधन मंत्री अनिल पाटिल के सामने भी एक बड़ी अजीबोगरीब स्थिति पैदा हो गई। उन्हें विधानसभा के लिए जाना था, लेकिन रास्ता पानी से लबालब भरे हैं। बाद में आपदा एवं प्रबंधन मंत्री अनिल पाटिल को विधानसभा जाने के लिए ट्रेन की पटारियों से पैदल निकलना पड़ा। मंत्री अनिल पाटिल के साथ NCP के एमएलसी अमोल मतकरी भी थे।

रेल-हवाई सेवा प्रभावित, स्कूल-कॉलेज भी बंद

मूसलाधार बारिश के बीच सुबह 11 बजे तक मुंबई से आने-जाने वाली 51 उड़ानें रद्द कर दी गईं। जलमग्न पटरियों और सड़कों के कारण ट्रेन और बेस्ट बस सेवाएं प्रभावित हुईं और पूरे शहर में यातायात ठप हो गया। आज मौसम की स्थिति को देखते हुए बीएमसी ने सभी बीएमसी, सरकारी और निजी स्कूलों और कॉलेजों में छुट्टी घोषित कर दी है। महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में भारी बारिश को देखते हुए राज्य सरकार ने भी मुंबई, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग जिलों के सभी स्कूलों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी है।

महाराष्ट्र विधानसभा भी दोपहर तक स्थगित हुई

यही नहीं, महाराष्ट्र विधानसभा के सत्र की कार्यवाही भी दोपहर तक रोक दी गई। स्पीकर राहुल नार्वेकर ने भारी बारिश के कारण दक्षिण मुंबई में विधानमंडल परिसर में कई विधायकों और मंत्रियों के नहीं पहुंच पाने के बाद सदन की कार्यवाही को दोपहर एक बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। इसके पहले विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने भारी बारिश के कारण मुंबई में लोगों को हो रही परेशानियों का जिक्र किया था।

यह भी पढ़ें: सड़कें बनीं झील, ट्रैक डूबा-लोकल पर ब्रेक,बारिश के बाद मुंबई का बुरा हाल

Published By : Amit Bajpayee

पब्लिश्ड 8 July 2024 at 14:38 IST