अपडेटेड 10 October 2024 at 13:49 IST

Breaking: रतन टाटा को भारत रत्न देने का प्रस्ताव,महाराष्ट्र कैबिनेट में फैसला; शोक प्रस्ताव भी पारित

रतन टाटा के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठने लगी है। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा को भारत रत्न पुरस्कार की मांग का प्रस्ताव रखा है।

Follow :  
×

Share


महाराष्ट्र कैबिनेट ने रतन टाटा को भारत रत्न देने की मांग की। | Image: Insta/X

Ratan Tata Death: देश के बड़े उद्योगपतियों में से एक टाटा ग्रुप चेयरमैन रतन टाटा के निधन के बाद उन्हें भारत रत्न देने की मांग उठने लगी है। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा को भारत रत्न पुरस्कार की मांग का प्रस्ताव रखा है। गुरुवार को महाराष्ट्र कैबिनेट की बैठक हुई, जिसमें उद्योगपति रतन टाटा का नाम भारत रत्न पुरस्कार के लिए प्रस्तावित करने का फैसला लिया गया है। महाराष्ट्र कैबिनेट ने आज एक शोक प्रस्ताव भी पारित किया है।

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की अगुवाई में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में पद्म विभूषण रतन टाटा को श्रद्धांजलि दी गई। महाराष्ट्र मंत्रिमंडल ने एक प्रस्ताव पारित कर केंद्र से रतन टाटा को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न देने का अनुरोध किया। महाराष्ट्र सरकार ने रतन टाटा के निधन पर राज्य में एक दिन का शोक भी घोषित किया है।

यह भी पढे़ं: स्ट्रीट डॉग्स के लिए खुले रहते थे गेट, रतन टाटा को कुत्तों से था लगाव

रतन टाटा के निधन पर CM शिंदे ने शोक जताया

टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा का 9 अक्टूबर को देर रात मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में 86 साल की आयु में निधन हुआ। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने बुधवार रात कहा कि उनका अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय के एक आधिकारिक बयान के अनुसार, राज्य सरकार ने रतन टाटा के सम्मान में एक दिन का शोक घोषित किया है। इससे पहले 'X' पर एक पोस्ट में सीएम शिंदे ने कहा कि 2008 के मुंबई हमले के बाद रतन टाटा के दृढ़ संकल्प को हर कोई हमेशा याद रखेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, 'उनके दृढ़ निर्णय, साहसी रवैये और सामाजिक प्रतिबद्धता को हमेशा याद रखा जाएगा। स्वर्गीय रतन टाटा का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।' महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि रतन टाटा का निधन देश के लिए बहुत बड़ी क्षति है।

यह भी पढे़ं: रतन टाटा के निधन से टूटा उनके साथ साये की तरह रहने वाला शांतनु नायडू

Published By : Dalchand Kumar

पब्लिश्ड 10 October 2024 at 12:37 IST