अपडेटेड 29 September 2025 at 22:41 IST
'कभी एक-दूजे का ना दामन छोड़ना'... ये गाना कभी नहीं भूल पाएगा शख्स; तीन महीने पहले हुई थी शादी, गरबा खेलते-खेलते पत्नी की हार्ट अटैक से मौत
मध्य प्रदेश के खरगोन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में गरबा कर रही एक महिला अचानक जमीन पर गिरती है और उसकी मौत हो जाती है।
नवरात्रि पर मध्य प्रदेश के खरगोन से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है। यहां 19 साल की एक महिला को गरबा खेलते-खेलते हार्ट अटैक आया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरी घटना वहां मौजूद लोगों के मोबाइल में रिकॉर्ड हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो देख सभी की सांस थम जा रही है।
खरगोन जिले के भीकनगांव क्षेत्र के पलासी गांव में रविवार रात गरबा डांस के दौरान 19 साल की सोनम की हार्ट अटैक से मौत हो गई। वो अपने पति के साथ माता सिंगाजी मंदिर में मां दुर्गा की प्रतिमा के सामने गरबा कर रही थीं, तभी अचानक जमीन पर गिर पड़ीं और दोबारा उठी नहीं। वहां, मौजूद लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर गए, मगर डॉक्टर ने सोनम को मृत बता दिया।
पति के सामने सोनम ने तोड़ा दम
जानकारी के अनुसार, सोनम और कृष्णपाल दोनों पति-पत्नी मंदिर में गाना, ओ मेरे ढोलना...ओ मेरे साजना, मैं तेरी हो गयी इश्क विच खो गयी, कसम लूं मैं रब की, कसम ले तू रब... की गाने पर गरबा कर रहे थे। डांस के दौरान अचानक सोनम बेहोश होकर गिर गईं। पहले तो वहां मौजूद लोगों को लगा कि यह उनके डांस का हिस्सा है, लेकिन जब वह नहीं उठीं, तो हड़कंप मच गया। परिजन तुरंत उन्हें अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तीन महीने पहले हुई थी शादी
परिजनों ने बताया कि सोनम और कृष्णपाल की शादी इसी साल मई में हुई थी। यह दोनों की पहली नवरात्रि थी, सोनम उत्साह के साथ गरबा कर रही थी, पति भी उसका पूरा साथ दे रहा था। सोनम का पति इस घटना के बाद गहरे सदमें में हैं। वहीं, परिजन को भी यकीन नहीं हो रहा है कि सोनम अब उनके बीच नहीं है। डॉक्टरों के अनुसार, सोनम की मृत्यु का कारण हार्ट अटैक बताया जा रहा है।
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 29 September 2025 at 22:41 IST