MP: उज्जैन में शाही मस्जिद पर एक्शन से पहले बवाल, बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भीड़ ने किया पथराव; पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले

उज्जैन में सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने से पहले भारी बवाल शुरू हो गया है। बुलडोजर कार्रवाई के विरोध में भीड़ ने पुलिस पर पथराव कर दिया।

 
Follow :
उज्जैन में शाही मस्जिद पर एक्शन से पहले बवाल | Image: ANI/Republic

उज्जैन में शाही मस्जिद के अवैध हिस्से हटाने को लेकर भारी बवाल शुरू हो गया है। भारी संख्या में जमा हुई भीड़ ने पथराव शुरू कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने स्थिति को संभालने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। इलाके में हालात बेहद तनावपूर्ण है। 2500 से अधिक पुलिस जवान और अधिकारी तैनात हैं। पूरे शहर शहर भर में अलर्ट जारी किया गया है।

सोमवार को बवाल तब शुरू हुआ,जब उज्जैन नगर निगम ने मस्जिद के उस हिस्से को हटाने की प्रक्रिया शुरू की जो 'सिंहस्थ 2028' से पहले चौड़ी की जा रही सड़क के प्रस्तावित रास्ते में आ रहा था। कार्रवाई शुरू होते ही मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और तोड़-फोड़ के विरोध के बीच पुलिस और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए। दोनों के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई।

उज्जैन में शाही मस्जिद के बाहर बवाल

उज्जैन में सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के लिए शाही मस्जिद का एक हिस्सा गिराए जाने की योजना वाली जगह पर लोगों के एक बड़े समूह और पुलिस के बीच झड़प के दौरान पत्थरबाजी हुई, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े। मौके पर रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के जवान भी मौजूद हैं। सामने आ रहे वीडियो में मौके पर प्रदर्शनकारियों को गलियों से आगे बढ़ने की कोशिश करते देखा गया, जिसमें महिलाओं को आगे बढ़ने और विरोध करने के लिए आगे किया जा रहा था। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों पर पथराव भी किया गया।

September 28, 2026

 पत्थरबाजी कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश

SP प्रदीप शर्मा ने बताया, "समाज के सभी समुदाय और वर्ग अपने-अपने इलाकों में लगातार सहयोग और समर्थन दे रहे हैं। आज भी शाही मस्जिद में मस्जिद कमेटी की तरफ से ही तोड़ने का काम चल रहा है। एहतियात के तौर पर, सुरक्षा का घेरा बना दिया गया है और किसी के भी अंदर जाने पर रोक है। हालांकि, कुछ शरारती तत्वों ने गड़बड़ी फैलाने और पत्थरबाजी करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस और हल्के बल का इस्तेमाल किया।"

September 28, 2026

मुस्लिम समुदाय के नेता भी शांति बनाए रखने की अपील करते हुए वीडियो संदेश जारी कर रहे हैं। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है। मस्जिद कमेटी द्वारा तोड़ने का काम लगातार चल रहा है।पत्थरबाजी की घटना में कुछ पुलिसकर्मियों को मामूली चोटें आईं, लेकिन वे सतर्क हैं और ड्यूटी पर तैनात हैं। इलाके की निगरानी CCTV और ड्रोन से की जा रही है। अगर कोई गलत गतिविधियों में शामिल होता है, तो उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

क्यों हो रहा है उज्जैन में बवाल

बता दें कि शाही मस्जिद के अवैध हिस्से को गिराए जाने के फैसले पर मुस्लिम समाज में मतभेद है। इस मसले पर दो गुट बन गए हैं, जहां एक गुट मस्जिद के हिस्से को हटाने के पक्ष में है और दूसरा इसका विरोध कर रहा है। कांग्रेस सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने मस्जिद कॉम्प्लेक्स को गिराए जाने पर आपत्ति जताई है और राज्य सरकार से लोगों की भावनाओं का सम्मान करने को कहा है। उज्जैन में 2028 के सिंहस्थ मेले से पहले सड़क चौड़ी करने के प्रोजेक्ट के तहत 272 इमारतों को गिराने के लिए चिह्नित किया गया है। जिसमें शाही मस्जिद का भी एक हिस्सा शामिल है।

यह भी पढ़ें:  हरियाणा के अंबाला में निर्माणाधीन तीन मंजिला इमारत गिरने से 6 की मौत


 

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 28 September 2026 at 10:42 IST