अपडेटेड 27 August 2025 at 17:54 IST

MP: बड़वानी में आवारा कुत्ते ने बुजुर्ग की काटी नाक, 7 लोगों को बनाया निशाना, डर के साए में जी रहे लोग

MP News : बड़वानी में आवारा कुत्तों का आतंक अब एक गंभीर समस्या बन चुका है। अगर समय रहते प्रशासन ने कई ठोस कदम नहीं उठाए, तो ऐसी घटनाएं और बढ़ सकती हैं, जिससे आम जनता की सुरक्षा को और खतरा हो सकता है।

Follow :  
×

Share


मध्य प्रदेश के बड़वानी में आवारा कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बुधवार (27 अगस्त, 2025) को आवारा कुत्तों ने जमकर आतंक मचाया, जिसमें 7 लोगों को काटने और नोंचने की घटनाएं सामने आई हैं। इनमें एक बुजुर्ग की नाक काटने का गंभीर मामला भी शामिल है।

नवलपुरा क्षेत्र में एक बुजुर्ग पर आवारा कुत्ते ने हमला कर दिया। इस घटना का CCTV भी सामने आया है। आवार कुत्ते ने उनकी नाक नोंचकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। इस घटना ने एक बार फिर नगर पालिका की लापरवाही को उजागर किया है, क्योंकि 10 महीने पहले आवारा कुत्तों ने एक 2 साल के बच्चे को नोंचकर मार डाला था। इतनी बड़ी घटना होने के बावजूद भी ठोस कार्रवाई नहीं की गई।

रमकुलेश्वर में 8 साल की बच्ची घायल

वहीं रमकुलेश्वर इलाके में 8 साल की एक बच्ची किराना दुकान पर सामान लेने गई थी, तभी 8 से 10 कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। बच्ची के हाथ और पैर पर गंभीर चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बड़ी मुश्किल से बच्ची को कुत्तों से छुड़ाया। घायल बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बच्ची की बहन ने बताया कि घटना के बाद से परिवार दहशत में है।

नेमिनाथ कॉलोनी में दंपति पर हमला

नेमिनाथ कॉलोनी में रहने वाले सुनील मुकाती ने बताया कि वह और उनकी पत्नी बाजार से लौट रहे थे, तभी कॉलोनी में घुसते ही कुत्तों का झुंड उनके पीछे पड़ गया। कुत्तों ने उनकी पत्नी पर पीछे से हमला किया, जिससे दोनों जमीन पर गिर गए। आसपास के लोगों ने किसी तरह उन कुत्तों को भगाया, लेकिन घटना ने कॉलोनी में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। सुनील ने कहा, "नगर पालिका इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रही। कुत्तों के झुंड से हर कोई डर रहा है।"

नगर पालिका पर लापरवाही के आरोप

घायलों का हालचाल जानने पहुंचे नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने आवारा कुत्तों की समस्या को लेकर प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, "आवारा कुत्तों के आतंक से जनता परेशान है। हमने कई बार विरोध किया और आवेदन दिए, लेकिन नगर पालिका ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।" 

शहर के कई इलाकों में कुत्तों के झुंड सड़कों और गलियों में घूमते देखे जा सकते हैं। खासकर नवलपुरा, रमकुलेश्वर, और नेमिनाथ कॉलोनी जैसे क्षेत्रों में लोग घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। एक वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे कुत्तों ने राहगीर पर हमला किया और उसे जमीन पर गिरा दिया। स्थानीय लोगों और पार्षदों ने नगर पालिका से मांग की है कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी के लिए तत्काल अभियान शुरू किया जाए। 

ये भी पढ़ें: 'मैं इस्लाम को खत्म कर दूंगी...' बस इतना कहकर कुरान पर तान दी फायर गन और जला दी इस्लाम की पवित्र किताब

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 27 August 2025 at 17:54 IST