डेंजरस इश्क! पड़ोसन से एकतरफा प्यार, बदले के लिए उसी के बेटे की कर दी हत्या; नीले ड्रम में छिपाई लाश; सनकी आशिक का ऐसे खुला राज
एमपी के सतना से एक खौफनाक वारदात सामने आई है जहां एक सनकी युवक ने एकतरफा प्यार के लिए हद पार कर दी। उसने अपनी पड़ोसन के बेटे को ही मौत के घाट उतार दिया। आखिर क्या है पूरा मामला चलिए बताते हैं।
MP News: मध्य प्रदेश के सतना जिले से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार के जुनून में धारदार हथियार से मासूम बच्चे की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी। इतना ही नहीं, उसने वारदात के बाद बच्चे की लाश को घर में रखे नीले ड्रम में छिपा दिया। बाद में बाहर से ताला लगाकर मौके से फरार हो गया। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत फैल गई है।
पूरी घटना कोलगवा थाना क्षेत्र के सिद्धार्थ नगर बैंक कॉलोनी वार्ड नंबर 8 की है। जानकारी के मुताबिक, आरोपी का नाम मथुरा रजक है जो अपनी पड़ोसन और बच्चे शिवराज उर्फ बादल की मां पर बुरी नजर रखता था। आरोप है कि वो उस पर जबरन शादी का दबाव बनाता था। परिवार के विरोध पर वो अक्सर धमकियां दिया करता था।
काम से लौटी घर तो लटका मिला ताला
बादल की मां आशा रजक घरों में झाड़ू-पोंछा लगाने और खाना बनाने का काम करती है। रोजाना की तरह वो सोमवार को भी काम पर गई। लेकिन जब वो काम से घर लौटी तो बाहर से दरवाजे पर ताला लटका हुआ था। बताया जा रहा है कि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। दरवाजा पीटने और चीखने-चिल्लाने के काफी देर बाद भी जब बेटे से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली तो पूरा परिवार बुरी तरह से घबरा गया।
ताला तोड़कर दाखिल हुए अंदर, तो…
इसके बाद परिवार ने आनन-फानन में पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस जब ताला तोड़कर दरवाजे के अंदर घुसी तो नजारा देख सन्न रह गई। कमरे के भीतर, बिस्तर और तकिए पर खून के छींटे थे। छानबीन करते हुए जब पुलिस की निगाह नीले ड्रम पर पड़ी तो उनका शक गहरा गया। पुलिस ने जैसे ही नीला ड्रम खोला तो परिवार की रूह कांप उठी। पल भर में पूरा माहौल मातम में बदल गया।
मासूम पर धारदार हथियार से कई वार
नीले ड्रम के अंदर बादल का शव पड़ा था, जो पूरी तरह से खून से लथपथ था। कातिल ने मासूम के गले पर धारदार हथियार से कई वार किए थे। इस हत्याकांड के बाद मृतक बादल की बहन सेजल ने फूट-फूटकर रोते हुए पुलिस से एक-एक बात कह डाली।
मृतक बच्चे की बहन ने बताया कड़वा सच
सेजल के मुताबिक, हत्यारा मथुरा रजक कई सालों से मां के पीछे पड़ा था। वो उस पर बुरी नीयत रखता था। शादीशुदा होने के बावजूद भी उस पर लगातार शादी करने का दबाव बनाता जा रहा था। वारदात से एक दिन पहले भी इस बात पर खूब बहसबाजी हुई। देखते ही देखते यह विवाद हाथापाई तक जा पहुंचा। सनकी आरोपी के सिर इस कदर एकतरफा प्यार का खुमार चढ़ा था कि वो कई दफा पिता (आशा का पति) से भी भिड़ चुका था।
बच्चे को क्यों उतारा मौत के घाट?
आशा आरोपी की इस रोज-रोज की इस हरकत से परेशान हो चुकी थी। उसने विवाद की अगली सुबह अपनी आपबीती उस मालिक को जा सुनाई, जहां वो काम करती थी। इसके बाद मालिक ने भरी बाजार में उसकी इज्जत उतारी। साथ ही सीधे तरीके से सुधर जाने की चेतावनी दे डाली। यही बात उसे इतनी चुभ गई कि उसने आशा से बदला लेने की कसम खा ली।
बदला लेने के लिए वो हंसिया लेकर सीधा आशा के घर पहुंच गया। लेकिन बदकिस्मती से वहां उसे पांचवी कक्षा में पढ़ने वाला 11 साल का मासूम बादल अकेला मिल गया। गुस्से और बदले की आग में झुलस रहे आरोपी ने सुबह करीब साढ़े 10 बजे हंसिया से बच्चे का गला रेत दिया। कत्ल को अंजाम देने के बाद सबूत छिपाने के लिए उसने शव को नीले ड्रम में भर दिया। लाश के ऊपर उसने कपड़े भर दिए और उसी पर खून से सना हंसिया भी रख दिया। इसके बाद घर के बाहर ताला लगाकर वहां से फरार हो गया।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
वारदात के बाद जब आशा काम से घर लौटी तो पूरा दृश्य देख सुध बुध खो बैठी। इसके बाद पुलिस आरोपी के घर पहुंची और वहां भी ताला लटका मिला। आरोपी ने अपना फोन भी बंद कर लिया था, जिससे वो पुलिस की पहुंच से बाहर था।
घटनास्थल पर एफएसएल की टीम और फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट्स पहुंचे। यहां से वारदात को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल किया गया हथियार भी बरामद कर लिया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी को मंगलवार शाम को गिरफ्तार कर लिया गया है।
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 22 April 2026 at 13:17 IST