MP के खंडवा में ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिरने से 11 लोगों की मौत, PM मोदी- CM मोहन यादव ने जताया दुख; किया मुआवजे का ऐलान
Khandwa Accident news: मध्य प्रदेश के खंडवा में दशहरे के दिन त्योहार की खुशियां मातम में तब्दील हो गई। यहां दुर्गा प्रतिमा विसर्जन से लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई। पीएम मोदी और सीएम मोहन यादव ने हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजे का ऐलान किया है।
Madhya Pradesh Khandwa Accident news: मध्य प्रदेश के खंडवा में दशहरे के दिन एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली नदी में गिर गई। हादसे में 11 लोगों की मौत हुई है। ट्रैक्टर-ट्रॉली में लगभग 25 लोग सवार थे। ये लोग दुर्गा प्रतिमा विसर्जन कर लौट रहे थे। खंडवा हादसे पर PM मोदी ने दुख जताया और मुआवजे का ऐलान किया है। इसके अलावा सीएम मोहन यादव की ओर से भी मुआवजे की घोषणा की गई है।
कैसे हुआ ये हादसा?
हादसा पंधाना थाना क्षेत्र के जमाली के पास आबना नदी के पास हुआ। जानकारी के अनुसार कि ट्रैक्टर-ट्रॉली जामली में डैम के ऊपर से जा रही थी। पुलिया पर खड़ी होने के दौरान इसका संतुलन बिगड़ गया और ट्रॉली पलटकर तालाब में गिर गई। हादसे में 11 लोगों के शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में ज्यादातर बच्चे शामिल हैं। जेसीबी की मदद से ट्रॉली को बाहर निकाल गया।
हादसे को लेकर खंडवा कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने कहा, "पंधाना विधानसभा क्षेत्र में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी, जहां राजगढ़ पंचायत के कुछ युवा मूर्ति विसर्जन के लिए जामली गांव आए थे। जामली के तालाब पर एक ग्राम अधिकारी की ड्यूटी थी। उन्होंने उन्हें चेतावनी दी थी कि आगे पानी गहरा है। फिर भी वे आगे बढ़ते रहे और ट्रॉली असंतुलित होकर पलट गई। ट्रॉली में लगभग 25 युवा सवार थे।"
उन्होंने बताया कि जामली के ग्रामीणों ने अथक प्रयास किया और जान बचाई। हमारी SDRF और होमगार्ड की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचीं और पूरा प्रशासन मौजूद था। विधायक ने नेतृत्व किया। यहां कुल 11 लोग लापता थे, जिनके शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए पंधाना भेज दिए गए हैं। तीन लोगों को खंडवा रेफर भी किया गया, जिनमें से दो की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है और एक गंभीर रूप से घायल है जिसका इलाज चल रहा है।
PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खंडवा हादसे पर दुख जताया। उन्होंने कहा, "इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं प्रभावित लोगों और उनके परिवारों के साथ हैं। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।" वहीं, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये मुआवजा देने का ऐलान किया।
CM मोहन यादव ने भी जताया दुख
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने भी हादसे पर दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख की सहायता राशि और घायलों को नजदीकी अस्पताल में समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 3 October 2025 at 08:20 IST