अपडेटेड 14 October 2025 at 22:29 IST
मासूम को याद नहीं था 2 का पहाड़ा, लेडी प्रिंसिपल ने दी ऐसी सजा; जानकर कांप जाएंगे आप; अब पुलिस कर रही जांच
मध्यप्रदेश से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। यहां दो का पहाड़ा न आने पर छात्र की पिटाई की गई।
बचपन में आपने भी पहाड़े याद किए होंगे। कुछ न शायद रट्टा ही मारा हो लेकिन जैसे तैसे याद किए। पहाड़े याद न होने पर डांट भी पड़ती थी और कभी मार भी। लेकिन मध्य प्रदेश से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसके बारे में आप भी सुनेंगे तो कहेंगे कि भाई ऐसी भी क्या पढ़ाई लिखाई। दरअसल यहां एक प्रधानाचार्य ने 6 साल के बच्चे को 2 का पहाड़ा न याद होने पर बेरहमी से पीटा। मामले में पुलिस ने प्रधानाचार्या के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मामला मध्य प्रदेश के एक प्राइवेट स्कूल का है। राज्य के देवास जिले में पहली कक्षा में पढ़ने वाले एक 6 साल के बच्चे को इतनी बेरहमी से पीटा गया कि पुलिस को स्कूल पहुंचना पड़ गया। 2 का पहाड़ा न आने पर प्रधानाचार्य ने बच्चे को पाइप से ही पीटना शुरू कर दिया। यह घटना कुछ दिन पुरानी है लेकिन मामले के सामने के बाद से अभिभावक अपने बच्चों को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने बताया कि प्रधानाचार्या शशिकला ठाकुर के खिलाफ सोमवार को शिकायत दर्ज हुई। बच्चे की पिटाई को लेकर उसके माता-पिता पुलिस स्टेशन पहुंचे थे।
बच्चे के शरीर पर मां ने देखे पाइप के निशान
पुलिस ने बताया कि बाल न्याय और संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि बच्चों को 2 का पहाड़ा याद करने के लिए कहा गया था। मासूम को क्या मालूम था कि बस इतनी सी बात पर प्रिंसिपल मैडम उसे पाइप से पीटने लगेंगी। बच्चे के माता पिता के अनुसार प्रिंसिपल ने सजा देने के लिए बच्चे की पाइप से पिटाई की। बच्चा जब स्कूल से घर लौटा तो वह किसी से बात नहीं कर रहा था। ये देखते हुए माता-पिता ने जोर देकर बच्चे से पूछा कि आखिर क्या बात है, इसके बाद घटना सामने आई।
बच्चे के कपड़े बदलते हुए बच्चे की मां को पता चला कि बच्चे के शरीर पर पाइप के निशान हैं। मामले में बच्चे को पहले एक निजी अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज किया गया। पुलिस का कहना है कि वे इस मामले में एक विस्तृत जांच करेगी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 14 October 2025 at 22:29 IST