अपडेटेड 2 March 2025 at 22:26 IST
मप्र: शादी के अगले दिन महिला का अपहरण करने को लेकर पांच लोग गिरफ्तार
एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों ने महिला का अपहरण क्यों किया, इस बारे में अधिक जानकारी तब पता चलेगी जब उन्हें गुना वापस लाया जाएगा।
मध्यप्रदेश पुलिस ने शादी के अगले दिन अपने पति के साथ राजस्थान के सवाई माधोपुर स्थित अपने ससुराल जा रही एक महिला का कथित रूप से अपहरण करने को लेकर रविवार को पांच व्यक्तियों को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि दंपति की शनिवार रात शादी हुई थी।
पुलिस की अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) दीपा डुडवे ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘यह घटना आज सुबह साढ़े नौ बजे गुना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग 46 पर रुठियाई इलाके में हुई। यह घटना उस समय घटी जब दंपति अशोकनगर से निकला था। आरोपियों ने कार के शीशे तोड़ दिए, दूल्हे पर हमला किया और दुल्हन को एसयूवी कार में लेकर भाग गए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘ सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम ने दुल्हन को बचाया और सात आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया। चार को इंदौर से और एक को देवास से पकड़ा गया। सभी आरोपी 20 साल के आसपास हैं और देवास के रहने वाले हैं। दो लोग फरार हैं।’’
एसडीओपी ने बताया कि आरोपियों ने महिला का अपहरण क्यों किया, इस बारे में अधिक जानकारी तब पता चलेगी जब उन्हें गुना वापस लाया जाएगा।
Published By : Deepak Gupta
पब्लिश्ड 2 March 2025 at 22:26 IST