Madhya Pradesh: हर 200 किलोमीटर पर होगा हवाई अड्डा, बोले CM यादव

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार हर 200 किलोमीटर पर एक हवाई अड्डा और हर 150 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी का निर्माण करायेगी।

Follow :  
×

Share


Madhya Pradesh CM Mohan Yadav | Image: Facebook

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बृहस्पतिवार को कहा कि सरकार हर 200 किलोमीटर पर एक हवाई अड्डा और हर 150 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी का निर्माण करायेगी। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक हेलीपैड सह खेल स्टेडियम भी बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि..

यादव ने विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव को लेकर उत्तर देते हुए राज्य में आगामी एक्सप्रेसवे परियोजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राज्य की नई विमानन नीति के तहत भाजपा सरकार इस क्षेत्र को बढ़ावा देने और पूरे मध्यप्रदेश में हवाई संपर्क में सुधार करने का प्रयास कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य की नई विमानन नीति के अनुसार, हर 200 किलोमीटर पर एक हवाई अड्डा बनाया जाएगा और हर 150 किलोमीटर पर एक हवाई पट्टी बनाई जाएगी। 

यादव ने कहा कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक छोटा स्टेडियम और दो कमरे होंगे, जिसमें हेलीपैड भी होगा। उन्होंने कहा कि एक तरह से यह बहुउद्देशीय सुविधा होगी। यादव ने मध्यप्रदेश के सड़क ढांचे के बारे में कहा कि सरकार छह एक्सप्रेसवे नर्मदा प्रगति पथ, विंध्य एक्सप्रेस पथ, मालवा-निमाड़ एक्सप्रेस पथ, बुंदेलखंड विकास पथ, मध्य भारत विकास पथ और अटल प्रगति पथ बनाकर राज्य की एक अलग पहचान बनाने की योजना बना रही है।

उन्होंने भोपाल और इंदौर में बस रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (बीआरटीएस) कॉरिडोर को हटाने का हवाला देते हुए कहा कि राज्य सरकार विकास से संबंधित इसी तरह के फैसले लेने से पीछे नहीं हटेगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार ने गुणवत्तापूर्ण सड़कों के निर्माण के बाद जनता की मांग के अनुसार एक साल के भीतर राज्य के परिवहन नेटवर्क को पुनर्जीवित करने का फैसला किया है।

यादव ने कहा कि महिला केंद्रित लाडली बहना योजना के तहत सरकार ने एक हजार रुपये की मासिक सहायता से शुरुआत की और रक्षाबंधन के बाद इसे बढ़ाकर 1,250 रुपये कर दिया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार पांच वर्ष तक सत्ता में रहेगी।

मुख्यमंत्री ने आश्वासन दिया कि लाडली बहना सहायता को धीरे-धीरे बढ़ाकर वादा किए गए तीन हजार रुपये की राशि तक बढ़ाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य (मेडिकल कॉलेज खोलने), ऊर्जा, वन, वन्यजीव और पर्यटन सहित अन्य क्षेत्रों में अपनी सरकार की उपलब्धियों पर भी प्रकाश डाला।

ये भी पढ़ें - Holika Dahan Puja Mantra 2025: होलिका दहन पर अग्नि के सामने पढ़ें मंत्र

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Garima Garg

पब्लिश्ड 13 March 2025 at 21:57 IST