Bargi Dam Accident: MP के जबलपुर में डूबे क्रूज ने लील ली कई जिंदगियां, 14 घंटे से रेस्क्यू ऑपरेशन जारी; अब तक 9 की मौत

जबलपुर के बरगी डैम में पर्यटकों से भरा क्रूज डूबने से अबतक 9 लोगों की मौत हो चुकी है। यह भयावह हादसा तेज हवाओं के चलते नर्मदा बैकवाटर में हुआ। फिलहाल तलाशी अभियान जारी है।

Follow :  
×

Share


Bargi Dam Accident Jabalpur | Image: ANI

Jabalpur Boat Accident: मध्य प्रदेश के जबलपुर में नर्मदा नदी पर बने बरगी डैम में गुरुवार शाम एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहां पर्यटकों से भरा एक क्रूज तेज हवाओं और बारिश के कारण अचानक डूब गया। हादसे को 14 घंटे से भी ज्यादा का समय हो चुका है और मौतों का आंकड़ा बढ़ रहा है। जानकारी के मुताबिक, पहले इस हादसे में मृतकों की संख्या 6 थी, जो अब बढ़कर 9 हो गई है।

घटना के वक्त क्रूज में कुल 40 से 45 लोग सवार बताए जा रहे हैं। अब तक 22 लोगों को सुरक्षित बचाया जा चुका है, जबकि 15 से अधिक लोग लापता बताए जा रहे हैं जिन्हें एसडीआरएफ की टीम लगातार ढूंढ रही है। प्रशासन ने क्रूज में 8 से 10 और शव होने की आशंका जताई है।

टॉर्च की मदद से सर्च ऑपरेशन जारी

आज दूसरे दिन भी तलाशी अभियान जारी है। एसडीआरएफ टॉर्च की मदद से सर्च ऑपरेशन चला रही है। बताया जा रहा है कि क्रूज को रस्सियों से बांधकर किनारे लाने का प्रयास किया गया, जिसमें सफलता नहीं मिली। अब बचाव और तलाशी अभियान में भारतीय सेना की टीम में शामिल हो गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हाइड्रोलिक मशीन की मदद से नदी क्षेत्र को पाटकर क्रूज तक पहुंचने और फंसे लोगों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बरगी डैम हादसे पर क्या बोले मंत्री?

मध्य प्रदेश सरकार में मंत्री राकेश सिंह ने कहा, 'NDRF द्वारा प्रयास किया जा रहा है। 2 शव निकाले गए हैं लेकिन अभी अंतिम रूप से नहीं कहा जा सकता कि अंदर और कितने लोग हैं। प्रयास जारी है। थोड़ी देर में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। अभी जो शव मिला और पहले जो शव मिले उन्होंने लाइव जैकेट पहनी हुई थी लेकिन यह माना जाता है कि जब क्रूज पलटा तो कुछ लोग उसके अंदर ही रह गए और बाहर नहीं निकल पाए। बचाव अभियान पूरा होने के बाद सारी स्थितियां स्पष्ट होंगी।'

रेस्क्यू ऑपरेशन पर सीएम की नजर

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने रेस्क्यू ऑपरेशन इस हादसे पर दुख जाहिर किया। उन्होंने ट्वीट कर लिखा, 'बरगी डैम पर तेज तूफान की वजह से हुए दुखद क्रूज़ हादसे के मामले में जबलपुर में लोकल एडमिनिस्ट्रेशन और रेस्क्यू फोर्स का ऑपरेशन लगातार जारी है। पब्लिक वर्क्स मिनिस्टर राकेश सिंह, टूरिज्म मिनिस्टर ध्रुवेंद्र सिंह लोधी, डिवीजन इंचार्ज ACS, ADG और लोकल लोगों को तुरंत मौके पर पहुंचने का आदेश दिया गया है। तेजी से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर लोगों को बचाया जा रहा है। जो लोग लापता हैं, उन्हें जल्द से जल्द ढूंढने की कोशिश की जा रही है। मुश्किल की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता सुनिश्चित की जा रही है।

यह भी पढ़ें: TMC का आरोप, BJP नेताओं के साथ आमना-सामना और EC का जवाब... मतगणना से पहले बंगाल में EVM को लेकर क्यों चढ़ा सियासी पारा? पूरी कहानी

Published By : Priyanka Yadav

पब्लिश्ड 1 May 2026 at 08:45 IST