अपडेटेड 17 March 2025 at 10:59 IST
पहले की टैक्स फ्री, अब पूरी कैबिनेट के साथ Chhaava देखेंगे CM मोहन, लेक व्यू अशोका होटल में होगी स्क्रीनिंग
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' देखेंगे।
CM Mohan to watch Chhaava: विक्की कौशल स्टारर फिल्म 'छावा' का जलवा थमने का नाम ही नहीं ले रहा है। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर 30 दिन पूरे कर चुकी हैं। इसके बावजूद इसकी दहाड़ अब भी जारी है। अब खबर है कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव छत्रपति शिवाजी महाराज के बेटे छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' देखेंगे।
CM मोहन यादव मंत्रियों और विधायकों के साथ संभाजी महाराज के शौर्य, संघर्ष और बलिदान की ऐतिहासिक कहानी का अनुभव करेंगे। बताया जा रहा है कि वह पूरी कैबिनेट के साथ शाम साढ़े 6 बजे लेक व्यू अशोका होटल पहुंचेंगे। इसके बाद लगभग 7 बजे 'छावा' देखेंगे। इससे पहले 19 फरवरी को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 'छावा' को राज्य में टैक्स फ्री करने का ऐलान किया था।
पिछले महीने 'छावा' को किया था टैक्स फ्री
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ऐलान करते हुए कहा था कि छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के मौके पर फिल्म 'छावा' को टैक्स फ्री करने की घोषणा करता हूं। उन्होंने कहा था, 'छत्रपति शिवाजी महाराज की जयंती के अवसर पर उनके बेटे छत्रपति संभाजी महाराज ने भी अपने जीवन में तमाम यातना सहकर देश-धर्म के लिए अपने प्राण दिए। उनके जीवन पर आधारित फिल्म 'छावा' का प्रदेश में प्रदर्शन हो रहा है। ऐसी फिल्म पर टैक्स क्यों लेना है? अब 'छावा' एमपी में टैक्स फ्री होगी।'
31वें दिन भी शानदार प्रदर्शन कर रही फिल्म
लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बनी फिल्म मराठा शासक छत्रपति संभाजी महाराज के जीवन पर आधारित है। 31वें दिन भी फिल्म बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। बॉक्स ऑफिस ट्रैकर सचनिल्क के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, फिल्म ने 31वें दिन 8 करोड़ रुपये का कारोबार किया। इसी के साथ फिल्म की अबतक की कुल कमाई 562.65 करोड़ रुपये हो गई है।
14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई 'छावा'
बता दें कि फिल्म 'छावा' 14 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। फिल्म में विक्की कौशल के अलावा रश्मिका मंदाना, अक्षय खन्ना, आशुतोष राणा, दिव्या दत्ता, डायना पेंटी समेत अन्य कलाकार अहम भूमिका में हैं।
यह भी पढ़ें: 'प्रधानमंत्री की ये बात बिल्कुल सच...', PM मोदी-लेक्स फ्रीडमैन के पॉडकास्ट में किस बात पर बोलीं बांसुरी स्वराज?
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 March 2025 at 10:41 IST