MP: सागर में जहरीली शराब पीने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर हुआ 11; ठेकेदार समेत 12 पर FIR दर्ज; जानें CM मोहन यादव ने क्या कहा
एमपी के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। यह आंकड़ा अभी और बढ़ सकता है, क्योंकि कई लोग अभी गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है।
- भारत
- 3 min read
मध्य प्रदेश के सागर जिले में जहरीली शराब पीने से मृतकों का आंकड़ा बढ़कर 11 हो गया। अस्पताल में भर्ती 20 से अधिक लोग अब भी जिंदगी मौत की जंग लड़ रहे हैं। मरने वालों का आंकडा और बढ़ सकता है। जिले की बंडा तहसील के चार गांवों में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मचा हुआ है तो ताबड़तोड़ एक्शन भी जारी है। ठेकेदार समेत 12 लोगों पर FIR दर्ज की गई है। आईए जानते हैं CM मोहन यादव ने क्या कहा?
सागर के CMHO देवेश पटेरिया ने बताया कि डॉक्टरों और नर्सों की हमारी टीमें प्रभावित तीनों गांवों में लगातार काम कर रही हैं, घर-घर जाकर जांच कर रही हैं और मरीजों की पहचान कर रही हैं। लक्षणों से मिथाइल अल्कोहल पॉइजनिंग का शक हो सकता है, लेकिन अभी इसकी पुष्टि नहीं हुई है। मरीजों को यहां स्थिर किया जा रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे के इलाज के लिए रेफर किया जा रहा है। मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, लेकिन टीमें लगातार काम कर रही हैं।"
सागर शराब कांड में बड़ा खुलासा
इधर शराब कांड को लेकर बड़ा खुलासा है। पूरे मामले की प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ललितपुर जिले से सटे गांवों में यूपी के शराब माफियाओं का रैकेट सक्रिय था और यह गिरोह ललितपुर से नकली शराब बना कर कम दामों पर सागर जिले के गांवों में सप्लाई करता था। पिछले दिनों पुलिस ने नकली और अवैध शराब की सप्लाई में ऐसे ही गिरोह को धरदबोचा था, जिसमें आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया था कि वह सागर के बंडा क्षेत्र के साथ अन्य इलाकों में नकली शराब की सप्लाई करते थे।
ठेकेदार समते 12 लोगों पर FIR
अब तक हुई प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि ललितपुर मे तैयार की गई नकली शराब सागर के ग्राम बांदरी, ग्राम बढ़ोदिया, ग्राम गूगरा खुर्ग, ग्राम नौराज, बैराज सहित अन्य गावों में सप्लाई करते थे। आरोपी नकली शराब पर नकली रैपर और ढक्कन लगाकर उसे असली शराब की तरह तैयार करते थे। इसके बाद अलग-अलग स्थानों पर इसकी आपूर्ति की जाती थी। ललितपुर के ठेकेदार पर शराब सप्लाई करने का आरोप है। ठेकेदार समते 12 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।
CM मोहन यादव ने क्या कहा?
जहरीली शराब पीने से हुई मौतों पर मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, "मैंने संबंधित मंत्री और अधिकारियों को तुरंत घटनास्थल पर जाने के निर्देश दिए हैं; हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे और मामले की जांच कराएंगे। हमारी सरकार ऐसी घटनाओं को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं करेगी।"
Published By : Rupam Kumari
पब्लिश्ड 6 September 2026 at 12:58 IST