MP: भोपाल में हत्या के आरोपी आसिफ उर्फ बम का पुलिस ने किया शॉर्ट एकाउंटर, पेट्रोल पंप हत्याकांड का हिंदू संगठन लगातार कर रहे हैं विरोध
भोपाल में हत्या के आरोपी आसिफ उर्फ बम का शॉर्ट एनकाउंटर किया गया है। पुलिस उसे गिरफ्तार करके ले जा रही थी, तभी आरोपी ने पुलिस को चकमा देकर भागने की कोशिश की, जानें पुलिस ने कैसे जवाबी कार्रवाई करते हुए आरोपी को फिर से पकड़ा। जानें क्या है पूरा मामला, पढ़ें पूरी खबर
Bhopal Short Encounter: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में एक सनसनीखेज हत्याकांड के मुख्य आरोपी आसिफ उर्फ बम का शॉर्ट एनकाउंटर करना पड़ा। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसे भोपाल लाते वक्त आरोपी ने भागने की कोशिश की। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से वह घायल हो गया। दरअसल, पुलिस टीम आरोपी को पकड़कर शहर ले जा रही थी।, तभी रातीबड़ इलाके के पास अचानक आसिफ ने पुलिस को चकमा देने की कोशिश की और भागने लगा। पुलिस ने उसे कई बार रुकने को कहा, लेकिन वह नहीं माना, तो पुलिस को हालात काबू करने के लिए गोली चलानी पड़ी।
पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिससे वह मौके पर गिर पड़ा। जिसके बाद पुलिस ने तुरंत आरोपी को पकड़ा और घायल हालत में भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस का कहना है कि आरोपी भागने की कोशिश कर रहा था, इसलिए ये जवाबी कार्रवाई की गई।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना उस हत्याकांड से जुड़ी है जो बीते दिन रात के वक्त अशोका गार्डन इलाके में हुई थी। पुलिस के मुताबिक, 35 साल के चाय कारोबारी विजय मेवाड़ा को मामूली विवाद के बाद चाकू मारकर मौत के घाट उतार दिया गया। आरोपी आसिफ उर्फ बम और उसके 2 साथियों ने ये हमला किया था। इस हत्या के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया और स्थानीय लोगों के साथ हिंदू संगठनों ने हत्या का जमकर विरोध किया, वहां भारी प्रदर्शन भी देखने को मिला। इसी मामले में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आसिफ को गिरफ्तार किया। बता दें आसिफ के दोनों साथी आरोपियों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर लिया है।
शॉर्ट एनकाउंटर के बाद इलाके में बढ़ाई सुरक्षा
आसिफ उर्फ बम पर हत्या समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज हैं। पुलिस उसका आपराधिक रिकॉर्ड भी जांच रही है। शॉर्ट एनकाउंटर के बाद इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। मामले की पूरी जांच चल रही है। पुलिस ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाया जाएगा। फिलहाल हमीदिया अस्पताल में आरोपी की हालत पर नजर रखी जा रही है। यह घटना भोपाल पुलिस की सतर्कता को दिखाती है, जो ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई से अपराधियों को सख्त संदेश है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 1 April 2026 at 16:41 IST