Lucknow Fire: ऑफिस से शुरू हुई प्रेम कहानी, वहीं हुआ दर्दनाक अंत... अग्निकांड ने छीन ली अनामिका-नीलेश की जिंदगी, मातम में बदली शादी की खुशियां

शादी की आगे की तैयारियों और बातचीत के लिए अगले हफ्ते नीलेश का परिवार अनामिका के घर पश्चिम बंगाल जाने वाला था, जिसके लिए ट्रेन टिकट भी बुक हो चुके थे।

 
Follow :
Lucknow Fire Tragedy | Image: ANI, X

Lucknow Fire Tragedy: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सोमवार, 22 जून को हुए अग्निकांड ने कई घरों के चिराग बुझा दिए। अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में हुए हादसे ने 15 जिंदगियों को लील लिया। दुर्घटना ने एक प्रेम कहानी का भी दर्दनाक अंत कर दिया। कोलकाता की अनामिका सामंत को नीलेश कुमार से प्यार हो गया था। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया था। उनकी शादी की तारीख भी जल्द ही तय होने वाली थी, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।

साथ काम करते हुए प्यार में पड़े

27 साल के नीलेश और 30 साल की अनामिका एक साथ एनीमेशन सेंटर में काम करते थे। ऑफिस में दोनों की मुलाकात और दोस्ती हुई। धीरे-धीरे उनकी दोस्ती प्यार में बदल गई। दोनों ने मान लिया था कि वे एक-दूजे के लिए ही बने हैं। अनामिका और नीलेश के परिवारवालों ने भी इस रिश्ते को स्वीकार कर लिया।

शादी की तैयारियों में जुट गए थे परिवारवाले

बताया जा रहा है कि दोनों का रोका भी हो गया था और जल्द शादी की तारीख तय की जानी थी। कुछ दिन पहले ही अनामिका के माता-पिता पश्चिम बंगाल से लखनऊ आए थे। दोनों परिवारों एक-दूसरे से मिले। नीलेश के परिवार ने अनामिका को दिल से अपना लिया था। शादी की आगे की तैयारियों और बातचीत के लिए अगले हफ्ते नीलेश का परिवार अनामिका के घर पश्चिम बंगाल जाने वाला था, जिसके लिए ट्रेन टिकट भी बुक हो चुके थे।

जिन घरों में शादी के जश्न मनाने की तैयारियां चल रही थी, वहां अब मातम पसर गया है।

परिवारों में पसरा मातम

तीन भाई-बहनों में दूसरे नंबर पर रहे नीलेश थे। वो अपने सपनों को पूरा करने के साथ परिवार की जिम्मेदारियां भी निभा रहे थे। उन्हें खोने से परिवार टूट गया। वहीं, अनामिका के परिवार को इस हादसे ने और गहरा घाव दिया है। उनकी 27 साल की चचेरी बहन सोमिल्या, जो उसी सेंटर में काम करती थी। उनकी भी दुर्घटना में मौत हो गई।

यह भी पढे़ं: Lucknow Fire: 10 साल पहले 'मौत की बिल्‍डिंग' को गिराने का निकला था नोटिस, फिर LDA में किसने और कैसे बदल दिया फैसला; 15 मौतों का गुनहगार कौन?
 

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 23 June 2026 at 15:01 IST