Zoji-la-Sonmarg Avalanche: जम्मू-कश्मीर से बड़ी खबर, जोजिला-सोनमर्ग हाईवे पर भीषण हिमस्खलन में 7 लोगों की मौत, 5 घायल
Zoji-la-Sonmarg Highway Avalanche: जोजिला दर्रे के पास शुक्रवार को एक भारी हिमस्खलन (Avalanche) हुआ, जिसमें 6 लोगों के मारे जाने की खबर है।
Zoji-la-Sonmarg Highway Avalanche: जम्मू-कश्मीर के पहाड़ी इलाकों से एक बेहद दुखद खबर सामने आ रही है। जोजिला दर्रे (Zoji-la Pass) के पास शुक्रवार को एक भीषण हिमस्खलन (Avalanche) हुआ, जिसकी चपेट में आने से 7 लोगों की मौत हो गई है। यह हादसा श्रीनगर-लेह राजमार्ग पर लद्दाख वाले हिस्से में हुआ, जहां बर्फ का एक विशाल पहाड़ सड़क पर आ गिरा। इस मलबे के नीचे यात्रियों से भरी 4 से 5 गाड़ियां मलबे में फंस गए हैं। हादसे की खबर मिलते ही प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है।
बर्फ के मलबे में दबी कई गाड़ियां
अधिकारियों के अनुसार, यह हिमस्खलन इतना जोरदार था कि हाईवे पर चल रहे वाहनों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। शुरुआत में 6 लोगों की मौत की खबर थी, लेकिन ताजा अपडेट के अनुसार मरने वालों की संख्या 7 हो गई है, जबकि 5 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की जा रही है। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में दबी गाड़ियों की वजह से हताहतों का आंकड़ा और भी बढ़ सकता है। फिलहाल, सोनमर्ग और द्रास दोनों तरफ से रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और भारी मशीनों की मदद से बर्फ हटाई जा रही है।
श्रीनगर-लेह राजमार्ग बंद
इस हादसे के बाद प्रशासन ने सुरक्षा के लिहाज से श्रीनगर-लेह राजमार्ग (NH-1) को फिलहाल बंद कर दिया है। 434 किलोमीटर लंबा यह मार्ग लद्दाख को बाकी दुनिया से जोड़ने वाली लाइफलाइन माना जाता है। 11,575 फीट की ऊंचाई पर स्थित जोजिला दर्रा अपनी खूबसूरती के साथ-साथ खतरनाक मोड़ और भारी बर्फबारी के लिए भी जाना जाता है। हाईवे बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं और जब तक रास्ता पूरी तरह साफ नहीं हो जाता, यातायात बहाल करना संभव नहीं होगा।
एशिया की सबसे लंबी सुरंगों में से एक है जोजिला
जहां यह हादसा हुआ है, वहीं जोजिला दर्रे के नीचे एक विशाल सुरंग का निर्माण कार्य भी चल रहा है। 14.2 किलोमीटर लंबी यह सुरंग एशिया की सबसे लंबी सुरंगों में से एक होगी। इस प्रोजेक्ट का मुख्य उद्देश्य ही यही है कि सर्दियों और हिमस्खलन के खतरे के दौरान भी लद्दाख का संपर्क देश के बाकी हिस्सों से सुरक्षित बना रहे।
वहीं, राहत-बचाव कर रहे अधिकारियों का कहना है कि दोपहर से ही टीमें मलबे को साफ करने में जुटी हैं। बर्फबारी और खराब मौसम के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में कुछ चुनौतियां भी आ रही हैं, लेकिन कोशिश की जा रही है कि अगले कुछ घंटों में सभी दबे हुए वाहनों को बाहर निकाल लिया जाए।
Published By : Shashank Kumar
पब्लिश्ड 27 March 2026 at 20:29 IST