ओडिशा के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हुई: IMD
Cyclonic storm 'Dana': आईएमडी ने बताया कि ओडिशा के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हुई।
- भारत
- 2 min read
Cyclonic storm 'Dana': ओडिशा के तट पर गंभीर चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया शुक्रवार की सुबह पूरी हो गई और इसे यहां पहुंचने में कम से कम साढ़े आठ घंटे का समय लगा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी।
आईएमडी ने अपने प्रति घंटे के बुलेटिन में बताया, ‘‘चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हो गई।’’
आईएमडी के एक वैज्ञानिक ने बताया कि ओडिशा के तट पर बृहस्पतिवार देर रात करीब 12.05 बजे तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया शुरू हुई और इसे पूरा होने में करीब साढ़े आठ घंटे का समय लगा। शुक्रवार सुबह करीब 8.30 बजे तूफान ‘दाना’ के पहुंचने की प्रक्रिया पूरी हो गई।
उन्होंने बताया कि भीषण चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के प्रभाव से हवाओं की गति 110 किलोमीटर प्रति घंटा थी और बाद में यह कमजोर हो कर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया।
आईएमडी ने बताया, “ चक्रवात के केंद्र के आसपास हवा की अधिकतम निरंतर रफ्तार लगभग 80 किमी प्रति घंटे से 90 किमी प्रति घंटे तक है, जो बढ़कर 100 किमी प्रति घंटे भी हो रही है।’’
आईएमडी ने बताया कि चक्रवाती तूफान ‘दाना’ के उत्तरी ओडिशा से होते हुए उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले छह घंटों के दौरान धीरे-धीरे कमजोर होकर गहरे अवदाब में तब्दील होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि पारादीप स्थित डॉप्लर मौसम रडार इस प्रणाली की निरंतर निगरानी कर रहा है।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 25 October 2024 at 12:22 IST