अपडेटेड 22 December 2025 at 08:52 IST
Gurugram: कैब में म्यूजिक की आवाज कम करने को कहा तो भड़का रैपिडो ड्राइवर, बदसलूकी कर महिला को रास्ते में उतारा; गिरफ्तार
Gurugram: गुरुग्राम में एक महिला ने रैपिडो कैब चालक पर बदसलूकी करने और बीच सड़क पर उतारने का आरोप लगाया। उसने आपबीती सुनाते हुए एक वीडियो भी बनाया, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई कर आरोपी ड्राइवर को अरेस्ट कर लिया।
Gurugram news: गुरुग्राम में एक फीमेल पैसेंजर संग रैपिडो कैब ड्राइवर को बदसलूकी करना भारी पड़ गया। महिला की शिकायत के बाद आरोपी को गिरफ्तार भी कर लिया गया। पुलिस ने रोहतक के रहने वाले ड्राइवर पंकज को अरेस्ट कर लिया। उस पर एक महिला ने बीच बदतमीजी करते हुए बीच रास्ते में गाड़ी से नीचे उतार देने और आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है।
महिला ने एक वीडियो बनाकर अपनी आपबीती बताई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद आरोपी ड्राइवर पर एक्शन की मांग उठने लगी। मामला तूल पकड़ता देख पुलिस ने फौरन उसे गिरफ्तार कर लिया।
महिला ने वीडियो बनाकर सुनाई आपबीती
जानकारी के अनुसार पूरा मामला गुरुग्राम के थाना सेक्टर-50 क्षेत्र का है। महिला ने बताया कि विवाद गाड़ी में म्यूजिक की आवाज कम करने को लेकर हुआ। दरअसल, वो फोन पर बात कर रही थी तो महिला ने ड्राइवर से आवाज कम करने को कहा, जिस पर वो भड़क गया।
वीडियो में महिला कहती नजर आईं, "इन्होंने मुझे बीच रोड पर उतारा है। मेरे साथ बदतमीजी कर रहे हैं। रैपिडो ये आपकी सर्विस है। मेरे हाथ कांप रहे हैं।"
ड्राइवर भड़का और फिर…
महिला ने बताया कि 15 दिसंबर को वो अपने ऑफिस से घर जा रही थी और उन्होंने रैपिडो कैब बुक की थी। लड़की किसी से फोन पर बात कर रही थी। कैब में बहुत तेज गाने बज रहे थे। तब उन्होंने ड्राइवर से आवाज कम करने की रिक्वेस्ट की, लेकिन उसने इसे अनसुना कर दिया। महिला के मुताबिक तीन बार बोलने पर ड्राइवर भड़क गया और उसने गाली-गलौज की।
जब महिला ने इसका विरोध किया तो उसने गाड़ी से उतरने को कह दिया। इसके बाद ड्राइवर ने कार दूसरी ओर भगाने लगा। काफी कहने के बाद उसने गाड़ी रोकी। जैसे ही वह कार से उतरीं, ड्राइवर भी बाहर आ गया, जिससे वो काफी डर गईं। युवती ने मुताबिक उन्होंने हिम्मत करके तुरंत पुलिस को फोन किया और थाने पहुंचीं। महिला ने ये भी आरोप लगाया कि थाने में भी उन्हें परेशानी उठानी पड़ी और उन पर FIR दर्ज न करने के लिए दबाव बनाया गया। उन्होंने हार नहीं मानी। बाद में वो माता-पिता के साथ अदालत भी गईं।
पुलिस ने लिया एक्शन
मामले पर एक्शन लेते हुए पुलिस ने आरोपी कैब चालक को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी पहचान 22 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि 15 दिसंबर को ही मामले में केस दर्ज कर लिया गया था। आरोपी ड्राइवर की कैब भी बरामद की गई थी।
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 December 2025 at 08:52 IST