Punjab: शिवसेना नेता की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद 3 लोग गिरफ्तार

Punjab: शिवसेना नेता की हत्या के मामले में मुठभेड़ के बाद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

 
Follow :
प्रतीकात्मक तस्वीर | Image: Representative image

Punjab: पंजाब पुलिस ने मोगा जिले में शिवसेना नेता की हत्या के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि इन आरोपियों को मुक्तसर जिले के मलोट में पुलिस के साथ मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि मोगा जिले में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना के जिला अध्यक्ष मंगत राय की बृहस्पतिवार देर रात गोली मारकर हत्या कर दी गई थी तथा इस हमले में 12 वर्षीय एक लड़का भी गोली लगने से घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, राय बृहस्पतिवार रात लगभग 10 बजे अपने घर से किराने का सामान लेने निकले थे। इसी दौरान तीन अज्ञात हमलावरों ने उन पर हमला कर दिया।

अधिकारियों ने बताया कि पहली गोली राय को नहीं लगी, लेकिन उसकी चपेट में 12 वर्षीय एक लड़का आ गया। उन्होंने कहा कि इसके बाद शिवसेना नेता अपने दोपहिया वाहन से भागने लगे, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया और दोबारा गोली चलाई।

उन्होंने कहा कि राय को अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस का मानना है कि यह घटना व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा हो सकती है। हालांकि, राय के परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।

ये भी पढ़ें: भारत ने UNGA में जम्मू-कश्मीर के ‘अनुचित’ जिक्र के लिए की पाकिस्तान की आलोचना

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Kajal .

पब्लिश्ड 15 March 2025 at 10:55 IST