Mumbai-Pune Expressway पर बस के ट्रक से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत, 7 घायल
Mumbai-Pune Expressway: मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बस के ट्रक से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
- भारत
- 1 min read
Mumbai - Pune Expressway: महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस के मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार देर रात एक ट्रक से टकरा जाने से एक यात्री की मौत हो गई और कम से कम सात अन्य घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि यह घटना पुणे जिले के लोनावाला के निकट शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे हुई।
उन्होंने कहा, 'अहमदनगर के पाथर्डी डिपो की बस मुंबई जा रही थी, तभी वह एक ट्रक से टकरा गई। दोनों वाहन एक ही दिशा में जा रहे थे।'
अधिकारी ने बताया कि इस घटना में विश्वनाथ भगवान वाघमारे नामक एक यात्री की मौत हो गई, जबकि सात से आठ यात्री घायल हो गए, जिन्हें नजदीकी अस्पताल ले जाया गया।
उन्होंने बताया कि मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा, लेकिन अधिकारियों ने जल्द ही इसे बहाल कर दिया।
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)
Published By : Kajal .
पब्लिश्ड 19 October 2024 at 11:20 IST