अपडेटेड 12 August 2024 at 22:54 IST

पहले भाई को मारी गोली, फिर खुद कर ली सुसाइड… इंदौर में मामूली विवाद को लेकर भाइयों के बीच फायरिंग

दोनों भाइयों के बीच धन के लेन-देन पर आए दिन झगड़ा होता था। इसी बात पर दोनों भाइयों में हाथापाई हुई और फिर...

Follow :  
×

Share


इंदौर में फायरिंग | Image: pexels

Madhya Pradesh News: 12 अगस्त (भाषा) इंदौर में एक सेवानिवृत्त पुलिसकर्मी के 40 वर्षीय बेटे ने सोमवार को धन के लेन-देन पर विवाद के दौरान अपने छोटे भाई को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) विनोद कुमार मीना ने ‘‘पीटीआई-भाषा’’ को बताया कि एरोड्रम थाना क्षेत्र में प्रवेश शेख (40) ने अपने छोटे भाई जावेद शेख (38) को 12 बोर की अपनी लाइसेंसी राइफल से छाती पर गोली मारी और फिर इसी बंदूक से खुद को गोली मार ली। उन्होंने बताया कि प्रवेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि गोली लगने से गंभीर रूप से घायल जावेद को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मीना ने बताया कि पुलिस के सेवानिवृत्त प्रधान आरक्षक अल्लाह नूर शेख, प्रवेश और जावेद के पिता हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश कोई काम-धंधा नहीं करता था, जबकि जावेद आजीविका के लिए ऑटो रिक्शा चलाता है।

डीसीपी ने बताया, ‘‘दोनों अविवाहित भाइयों के बीच धन के लेन-देन पर आए दिन झगड़ा होता था। सोमवार को भी इसी बात पर दोनों भाइयों में हाथापाई हुई। इसके बाद प्रवेश ने गुस्से में आकर गोलीबारी कर दी।’’ उन्होंने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें: रेप की कोशिश में सपा नेता नवाब अरेस्ट, तो जूही सिंह का बेशर्मी भरा सवाल- 15 साल की बच्ची रात में…

(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 12 August 2024 at 22:54 IST