36000 युवाओं को मिली नौकरी... सरकार के 5 साल पूरे होने पर CM धामी ने पेश किया रिपोर्ट कार्ड, कहा- बीजेपी लगातार 5वीं बार सरकार बनाने की ओर अग्रसर
सीएम धामी ने कहा कि हमने सख्ती से नकल विरोधी कानून को लागू किया। अब तक 36000 युवाओं को ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ नौकरी मिली है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमने एक नई योजना 'मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना' शुरू की है।
- भारत
- 3 min read
उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में पांच साल पूरे कर लिए हैं। इस मौके पर सीएम धामी ने इन पांच सालों में किए विकास कार्यों का रिपोर्ट कार्ड पेश किया। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की जनता के आशीर्वाद से लगातार तीसरी बार उत्तराखंड में सरकार बनाने की ओर अग्रसर है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ' भारतीय जनता पार्टी ही है जो जनता के सामने अपना रिपोर्ट कार्ड पेश करती है। मुझे जुलाई 2021 में मुख्यमंत्री की जिम्मेदारी मिली। प्रदेश की जनता ने 2022 में उस मिथक को बदला कि चुनाव के बाद प्रदेश में सरकार बदल जाती है। बीजेपी ने लगातार दूसरी बार सरकार बनाई।
धामी ने कहा कि मेरा मानना है कि युवकों को रोजगार मिलना चाहिए और जनता को अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं मिलनी चाहिए। गांवों तक सड़क, बिजली पानी पहुंचना चाहिए, साथ ही गांवों तक डिजिटल कनेक्टिवीटी भी होनी चाहिए। कोरोना काल में हमारी सरकार ने करीब 200 करोड़ के आर्थिक पैकेज की घोषणा की थी। कोरोना के समय अपने माता-पिता को खोने वाले और अनाथ होने वाले बच्चों के लिए हमने ‘वात्सल्य योजना’ चलाई थी।
सीएम धामी ने कहा कि हमने सख्ती से नकल विरोधी कानून को लागू किया। अब तक 36000 युवाओं को ‘बिना पर्ची, बिना खर्ची’ नौकरी मिली है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए हमने एक नई योजना 'मुख्यमंत्री भविष्य निर्माण योजना' शुरू की है। इस योजना के पहले चरण में 11000 युवाओं को तैयारी के लिए ऑनलाइन शिक्षा दी जाएगी, जो बिल्कुल मुफ्त होगी।
मुख्यमंत्री धामी ने अपने 5 साल के विकास कार्यो का लेखाजोखा पेश करते हुए कहा कि ‘वैश्विक रोजगार योजना’ के तहत 106 युवाओं को विदेश में रोजगार मिला है। उन्होंने युवाओं के लिए ‘युवा आयोग' के गठन करने का ऐलान भी किया और कहा कि इस पर काम हो रहा है, जल्द ही इसका गठन हो जाएगा।
उन्होंने रोजगार के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि उत्तराखंड में करीब 2000 स्टार्टअप चल रहे हैं। नए उद्यमों के लिए 200 करोड़ रुपये की हमने आर्थिक प्रबंध भी किया है। मेधावियों को आर्थिक सहायता प्रदान की जा रही है। अब तक 21000 से अधिक छात्र इस योजना का लाभ उठा चुके हैं।
Published By : Sujeet Kumar
पब्लिश्ड 26 November 2026 at 14:59 IST